आगरालीक्स…आगरा में बैंक मैनेजर के खाते से रकम पार. बैंक में बैठे थे, मैसेज आने पर उड़ गए होश…
बैंक मैनेजरों द्वारा ही लोगों को साइबर क्राइम के शिकार न होने को लेकर जागरूक किया जाता है लेकिन आगरा में तो एक बैंक मैनेजर को ही शातिरों ने अपना शिकार बना लिया और उनके खाते से रकम पार कर दी. रकम ट्रांसफर का जब मैसेज बैंक मैनेजर के पास आया तो होश उड़ गए. थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

ये है पूरा मामला
मामला दयालबाग स्थित यूनियन बैंक मैनेजर का है. नवल किशोर यूनियन बैंक की दयालबाग शाखा में मैनेजर हैं और आवास विकास सेक्टर पांच में रहते हैं. इनका खाता भारतीय स्टेट बैंक की घिरोर शाखा में है. इन्होंने थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कराया है. बैंक मैनेजर के अनुसार 18 जनवरी की सुबह वह बैंक में थे तभी उनके खाते से 5 बार में 37 हजार रुपये निकलने के मैसेज आए. यह देखते ही उनके होश उड़ गए जबकि डेबिट कार्ड उनके पास ही था. न्यू आगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और रकम कैसे निकली इसकी जांच की जा रही है.