आगरालीक्स…डिजिटल युग में साइबर ठगी आम बात. आसानी से युवा हो रहे शिकार. साइबर पुलिस ने बताया—यह काम करते रहेंगे तो नहीं होगा साइबर क्राइम
साइबर सुरक्षा को लेकर आज आगरा कॉलेज, आगरा में एनसीसी आर्मी विंग, एनएसएस, बायोटेक्नोलॉजी विभाग एवं कॉमर्स विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें साइबर थाने से उपनिरीक्षक राकेश कुमार एवं मोहित वर्मा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए। इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्राचार्य प्रो अनुराग शुक्ला ने कहा की इस डिजिटल युग में साइबर ठगी बहुत ही आम बात हो गई है। इसके बचाव के लिए हम सभी को जागरूक होना आवश्यक है।
सब इंस्पेक्टर मोहित वर्मा ने फाइनेंशियल फ्रॉड के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि साइबर ठग लोन फ्रॉड, टेलीग्राम जॉब फ्रॉड, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, एटीएम व डेबिट कार्ड क्लोनिंग आदि के बारे में भ्रमित करके युवा वर्ग को बहुत आसानी से शिकार बना लेते हैं और आर्थिक रूप से नुकसान करते हैं। इसके लिए युवाओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अत्यंत ही सावधानी से प्रयोग करना होगा।
सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने सोशल मीडिया क्राइम के बारे में उपस्थित छात्र-छात्राओं को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आज लोग अपनी दैनिक चर्या को सोशल मीडिया पर डाल देते हैं, जिससे अपराधियों को उनकी विस्तृत जानकारी मिल जाती है। यहां तक कि वे लोग घरों में चोरी तक कर लेते हैं। कोई यात्रा पर जा रहा है तो उसके बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाल देता है। उन्होंने युवाओं को हनी ट्रैप, साइबर बुलिंग, साइबर ब्लैकमेल आदि से बचने के टिप्स बताए। उन्होंने अधिकृत एप्स ही प्रयोग करने की सलाह दी। छात्रों को किसी भी परिस्थिति में साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे स्वयं भी साइबर ठगी करने के चक्कर में न पड़ें, इससे उनका कैरियर दाब पर लग जाएगा।
कांस्टेबल शुभम ने भी साइबर सुरक्षा के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि “लालच साइबर अपराध की जननी है”। सावधानी ही बचाव है। समय-समय पर अपना पासवर्ड बदलते रहना चाहिए। किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें। अपना डाटा व ओटीपी किसी को शेयर न करें। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा को शांत किया। कार्यक्रम की भूमिका एनसीसी आर्मी विंग प्रभारी कैप्टन अमित अग्रवाल ने रखी। आभार डा संध्या अग्रवाल ने किया तथा संचालन एसयूओ मनस्वी चौधरी ने किया। अतिथियों का स्वागत करने वालों में डा चंद्रवीर सिंह, डा बीके अग्रवाल आदि थे।
इस अवसर पर डा आनंद पांडे, प्रो बीके शर्मा, प्रो रीता निगम, नितेश शर्मा, डा दिव्या अग्रवाल, डा यशस्वीता चौहान, डा नीता रानी, हेमराज, चेतन गौतम, अनिल सिंह, कांस्टेबल तृष्णा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।