आगरालीक्स…आगरा में भैरों नाले के सौंदर्यीकरण और वैकल्पिक मार्ग निर्माण की मांग. नगर आयुक्त को दिए ज्ञापन में बताए सुझाव
रिवर कनेक्ट के बृज खंडेलवाल ने बुधवार को नगर आयुक्त, आगरा नगर निगम को एक ज्ञापन सौंपकर शहर में बढ़ती यातायात समस्या और नालों के अतिक्रमण से उत्पन्न अव्यवस्था के समाधान हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। ज्ञापन में भैरों नाले के सौंदर्यीकरण, पैदल व साइकिल पथ निर्माण, अतिक्रमण मुक्ति तथा वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की मांग की गई है। श्री खंडेलवाल ने बताया कि यह पहल न केवल आगरा की यातायात समस्या को कम करेगी, बल्कि शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने में भी मदद करेगी। प्रमुख सुझाव:- भैरों नाले का सौंदर्यीकरण: नाले की पटरियों की मरम्मत, रेलिंग लगाकर तथा हरियाली और कलात्मक तत्वों से सजाकर इसे एक आदर्श पैदल व साइकिल पथ के रूप में विकसित किया जाए।
- वैकल्पिक मार्ग निर्माण: भैरों नाले के किनारे एक नया मार्ग बनाकर यमुना किनारा रोड को भैरों बाजार से जोड़ा जाए, जिससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी।
- अतिक्रमण मुक्ति: शहर के प्रमुख नालों की पटरियों को अतिक्रमण से मुक्त कर सुरक्षित पैदल मार्ग सुनिश्चित किए जाएं।
- यातायात प्रबंधन: आगरा में ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए अतिरिक्त वैकल्पिक मार्गों को चिह्नित और विकसित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा पहले भी उठाया गया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने नगर आयुक्त से अनुरोध किया कि इस योजना पर शीघ्र विचार करके आगरा को एक बेहतर और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएं।