आगरालीक्स…आगरा के एमडी जैन मैदान में होगा मां का जगराता. लखबीर सिंह लक्खा गाएंगे मां की भेटें. प्रेम मंदिर के महल में विराजेंगी ज्वाला देवी. बहुत कुछ खास होगा…जानिए
श्री भागवत चिंतन ट्रस्ट परिवार की ओर से विजय नगर स्थित पुरुषोत्तम ग्रीन में दो दिवसीय श्री ज्वाला जी दिव्योत्सव के आमंत्रण-पत्र का ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने विमोचन किया। संस्थापक पं. कृष्णांग गौरव दीक्षित ने बताया कि श्री ज्वाला जी दिव्योत्सव की तैयारी जोरो पर चल रही है। 15 को नवदेवी शोभायात्रा और 16 जून को भगवती जागरण व छप्पन भोग का आयोजन होगा। इससे पहले 13 को एमडी जैन मैदान पर भूमि पूजन और 14 जून को पुरुषोत्तम ग्रीन में महिला संगीत में महिलाएं मेहंदी लगाएंगी।
कार्यक्रम संयोजक कमल शर्मा ने बताया कि पहले दिन प्रातः दस बजे फुलट्टी बाजार स्थित प्राचीन श्री मां भगवती मंदिर पर पूर्णाहुति व महाभिषेक किया जाएगा और शाम को शोभायात्रा में तीन दर्जन झांकियों के अलौकिक दर्शन, शहर के 6 प्रमुख बैण्ड, नासिक का प्रख्यात ढोल, केरल की छह देवियां और त्रिपुरा के हनुमान भक्तो को आकर्षित करेंगे। शोभायात्रा में माँ चामुंडा देवी मंदिर, कैला देवी मंदिर(करोली), वैष्णो देवी मंदिर(कटरा), ज्वाला देवी मंदिर, कैलाश महादेव मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, खाटू श्याम मंदिर, नरी सेमरी मंदिर, नैना देवी मंदिर, नौका विहार की लाइव झांकी सहित तीन दर्जन डोले शामिल हो रहे है।
अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि दूसरे दिन एमडी जैन मैदान पर भगवती जागरण में प्रेम मंदिर के महल की में ज्वाला देवी विराजेंगी और विश्व विख्यात भजन गायक लखबीर सिंह लख्खा अपनी भेटों से मां को रिझाँयेंगे। शुरुआत लखनऊ की सबसे कम उम्र की बहनें राम्या और शाम्या गणेश वंदना के बाद मंच पर ग्वालियर से मनोज शर्मा ‘पागल’, आगरा से अदिति शर्मा और दीक्षा शर्मा भी प्रस्तुति होगी। मुख्य अतिथि ज्वाला देवी हिमाचल और माँ पीताम्बरा देवी दतिया के मुख्य महंत होंगे।
आठ स्थानों पर होगी महाआरती
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा फुलट्टी चौराहे से सिंधी बाजार, फुब्बारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, बेलनगंज, पथवारी, घटिया चौराहा से छिली ईट होती हुई फुलट्टी चौक पर समाप्त होगी। जिसमे आठ प्रमुख स्थानों पर महाआरती व भव्य स्वागत किया जाएगा। मार्ग में पुष्प व इत्र वर्षा और मुख्य चौराहे पर आतिशबाजी की जाएगी। इस अवसर पर संरक्षक एड. संजीव अग्रवाल, अजय गोयल अज्जू, राकेश भटनागर, महामंत्री केशव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अखिल मोहन मित्तल, उपाध्यक्ष विजय अग्रवाल, मनोज चतुरानी, नीरज अग्रवाल, रमेश चंद बघेल, अभिषेक गर्ग, नीरज गर्ग, अमन गर्ग, गौरव गर्ग, अनमोल मित्तल, विष्णु शर्मा, शिवांग अग्रवाल, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।