आगरालीक्स…गिरिराज की परिक्रमा लगा रहे लोगों पर बरसी इंद्रदेव की कृपा. बारिश में भी राधे-राधे के जयकारे लगाते परिक्रमा दे रहे श्रद्धालु.
गिरिराज की महिमा अपरम्पार है. मथुरा में इस समय मुडिया पूर्णिमा मेला लगा हुआ है. हजारों की संख्या में लोग गोवर्धन महाराज की परिक्रमा देने के लिए यहां हर दिन पहुंच रहे हैं. यह संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है और हजारों से लाखों हो रही है. भक्तों का उल्लास हर वक्त दिखाई देता है लेकिन भक्तों पर कृपा गिरिराज की भी है, तभी तो इंद्रदेव मेहरबान हैं. आसमान से बरसती बूंदों के बीच श्रद्धालु नाचते गाते और राधे राधे के जयकारे लगाते हुए अपनी परिक्रमा को पूरी कर रहे हैं. सच मानिए परिक्रमा का मार्ग बारिश के कारण न तो श्रद्धालुओं को थका रहा है और न ही किसी को कोई परेशानी दे रहा है. भक्त अपने आराध्य के जयकारे लगाते हुए बड़ी आसानी से परिक्रमा दे रहे हैं.

गोवर्धन में इस समय देश के कई राज्यों से श्रद्धालु आए हुए हैं. सबसे अधिक मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब व दिल्ली के श्रद्धालु हैं. श्रद्धालुओं को कोई भी परेशानी न हो इसके लिए बसों की संख्या भी बढ़ाई गई है और ट्रेनों का विस्तार किया गया है तो कई स्पेशल ट्रेनें भी चल रही हैं. महिलाएं हों या बच्चे, बुजुर्ग हों या फिर युवा हर कोई राधे-राधे के जयकारे लगाते हुए यहां परिक्रमा दे रहे हैं.