आगरालीकस…मैनपुरी में डिंपल यादव की रिकॉर्ड 2.88 लाख मतों से जीत का जश्न आगरा में भी. डिंपल ने बनाया नया कीर्तिमान..सपाई बोले—अब नगर निगम में दिखाएंगे दम
मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आज समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव ने बड़ी जीत दर्ज की है. मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए इस चुनाव में डिंपल यादव ने 2.88 लाख से अधिक वोटों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को पराजित कर दिया. डिंपल यादव को कुल 618128 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को 329659 वोट मिले. डिंपल यादव के नाम एक नया कीर्तिमाल हो गया है. वह लोकसभा सीट में शामिल सभी पांचों विधानसभाओं में बढ़त ली है. इससे पहले अपने गढ़ में भी सपा कभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त नहीं ले सकी थी.

डिंपल यादव की जीत का जश्न आगरा में भी हुआ. समाजवादी पार्टी कार्यालय फतेहाबाद पर उपचुनाव के आए नतीजों पर महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने कहा कि यह जीत जनता की है. यह चुनाव तानाशाही हिटलर शाही सरकार और जनता के बीच था, झूठे जुमले का ख्वाब दिखाकर जनता को इस भाजपा ने ठगने के अलावा कुछ नहीं दिया. यह जीत जनता की हुई है. इससे निश्चित ही आने वाले नगर निगम के चुनाव में अधिक से अधिक बढ़ती महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी के पक्ष में जनता वोट करेगी. अधिक से अधिक पार्षद विजयी बनाएगी एवं इस बार आगरा का मेयर भी समाजवादी पार्टी का होगा. इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सौरभ गुप्ता, उपाध्यक्ष बबलू शरीफ, सचिन शर्मा ,एवं समस्त कार्यकर्ता मौजूद रहे.