आगरालीक्स…आगरा में मंत्री के बेटे की शादी को लेकर मचा बेवजह का बवाल खत्म. मंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल कर कहा—आज विवाह संपन्न
यूपी सरकार में कारागार एवं होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति के बेटे की शादी छह दिन बाद पूरे रस्मों रिवाजों के साथ हुई. मंत्री के बेटे की शादी दो दिसंबर को होनी थी, खंदौली में स्थित मैरिज होम में बारात का इंतजार किया जा रहा था लेकिन मंत्री के बेटे की तबियत खराब होने और उसके अस्पताल में भर्ती होने के बाद से यह शादी नहीं हो सकी और इसे टाल दिया गया. आज मंत्री के बेटे की शादी हुई. मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने खुद अपने सोशल मीडिया पर बेटे की शादी का वीडियो अपलोड किया है और उन्होंने लिखा है कि बेटे की तबियत में सुधार आते ही उसका विवाह संपन्न कराया जा रहा है.
ये है पूरा मामला
बता दें कि मंत्री धर्मवीर प्रजापति खंदौली के खेड़ा हाजीपुर के रहने वाले हैं और फिलहाल वह थाना सिकंदरा के आवास विकास क्षेत्र में अपने निवास पर रह रहे हैं. दो दिसंबर को उनके तीसरे नंबर के बेटे दिलीप की शादी मुड़ी जहांगीर के रहने वाले जयराम ठेकेदार की बेटी ज्योति से होनी थी. शादी का आयोजन खंदौली में माया देवी वाटिका में किया गया था. शादी की पूरी तेयारी थी और मैरिज होम के पास ही बारात चढ़नी थी. बैंड बाजे वाले भी आ गए थे लेकिन देर रात तक बारात नहीं पहुंची. बाद में दूल्हे की तबियत खराब होने और उसके अस्प्ताल में भर्ती होने की सूचना मिली थी. हालांकि इस दौरान मंत्री के बेटे की बारात न पहुंचनेक पर काफी बवाल भी हो गया था, जिसके बाद मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने अपने बेटे के बीमार होने की जानकारी भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी.