आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में प्राचार्य पद को लेकर मंडलायुक्त ने दिए निर्देश. डॉ. सीके गौतम को नियमानुसार ग्रहण कराया जाए प्राचार्य पद का कार्यभार…
आगरा कॉलेज के स्थायी प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ही होंगे, इसको लेकर शुक्रवार को कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष और मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने डॉ. सीके गौतम को नियमानुसार प्राचार्य पद पर कार्यभार ग्रहणक राने के निर्देश दिए. बैठक में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा चयनित एवं निदेशक (उच्च शिक्षा), उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा संस्तुत आसन-व्यवस्था के क्रम में प्राप्त हुए पत्र का अनुपालन करते हुए मण्डल आयुक्त ने नियमानुसार डाॅ चित्र कुमार गौतम को आगरा काॅलेज के प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण कराये जाने के निर्देश दिए. बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी, अपर जिलाधिकारी नगर अनूप कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकाॅल प्रशान्त तिवारी, काॅलेज के कार्यवाहक प्राचार्य आरके श्रीवास्तव एवं प्रबन्ध समिति के सदस्य मौजूद रहे.
खाली था पद
आगरा कॉलेज में प्राचार्य का पद खाली चल रहा था. डॉ. अनुराग शुक्ल को प्राचार्य पद से बर्खास्त किए जाने के बाद से कार्यवाहक प्राचार्य के रूप में डॉ. आरके श्रीवास्तव काम कर रहे थे. डॉ अनुराग शुक्ल के पद से हटाए जाने के बाद से डॉ. सीके गौतम का दावा मजबूत हो गया था. गुरुवार को इस घोषणा के बाद डॉ. सीके गौतम कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष और मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह से मिले. अब मंडलायुक्त से भी निर्देश जारी होने के बाद डॉ. सीके गौतम शनिवार को कार्यभार संभाल सकते हैं.