आगरालीक्स…आगरा में परिषदीय स्कूलों में कल शनिवार को होगी पेरेंट्स टीचर मीटिंग. अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी होंगे उपस्थित. टॉपर बच्चे भी होंगे सम्मानित
मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने अवगत कराया है कि जनपद आगरा के सभी परिषदीय विद्यालयों में 22 मार्च 2025 (शनिवार) को मेगा अभिभावक शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस विशेष पहल के अंतर्गत मेगा पीटीएम को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे अभिभावकों और विद्यालयों के बीच सार्थक संवाद स्थापित किया जा सके। उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि इस कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ जनपद के सभी अधिकारी भी सहभागिता करेंगे साथ ही माननीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मेगा पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को विद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सम्मानित भी किया जाएगा। मेगा पीटीएम के मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षणिक स्थिति और आवश्यक सुधार के उपायों से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर चर्चा, विद्यालय में संचालित योजनाओं, सुविधाओं और आगामी गतिविधियों की जानकारी देना तथा अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाना, बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु अभिभावकों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स के समस्त सदस्यों को निर्देशित किया है कि निर्धारित तिथि को जिलाधिकारी द्वारा आवंटित विद्यालय में उपस्थित होते हुए अनुश्रवण/निरीक्षण करें, ताकि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अभिभावकों और ग्राम प्रधानों से भी अपील की है कि वे अपने निकटतम परिषदीय विद्यालय में उपस्थित होकर इस मेगा पीटीएम को सफल बनाएं और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।