आगरालीक्स…एडीए की 1232 आवासीय और 349 व्यावसायिक संपत्तियां बिक्री के लिए तैयार. मंडलायुक्त की लगी फटकार, कहा 1804 करोड़ राज्सव का लक्ष्य लेकिन कई मदों में राजस्व शून्य, दिए ये निर्देश
मण्डलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में आज आगरा विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक हुई जिसमें सर्वप्रथम वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट की समीक्षा की गयी। अवगत कराया गया कि विभाग का वर्तमान वार्षिक लक्ष्य लगभग 1804 करोड़ का है जिसके सापेक्ष पिछले 5 माह में लगभग 119 करोड़ की प्राप्तियां हुई है। राजस्व एवं पूंजीगत प्राप्ति में कई मदों से शून्य प्राप्ति हुई। लक्ष्य के अनुरूप बजट प्राप्ति न होने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। मानचित्र अनुभाग, भूखण्ड/भवनों की बिक्री, वित्तीय संस्थाओं से ऋण इत्यादि मदों से अधिक आय प्राप्ति के निर्देश दिए।
प्राधिकरण की समस्त योजनाओं के अन्तर्गत सभी समत्तियों (आवासीय, व्यवसायिक एवं किरायेदार) की समीक्षा की गयी। अवगत कराया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में सम्पत्ति बिक्री से अभी तक लगभग 59 करोड़ की आय प्राप्ति हो चुकी है। अब लगभग 1232 आवासीय सम्पत्ति बिक्री के तैयार हैं। एडीए हाईट्स में कार्यावधि समाप्त हो जाने के बाद भी कई फ्लैट अभी भी निर्माणाधीन हैं। महोदया ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीए उपाध्यक्ष महोदया को निर्देश दिए कि पूर्व में ब्लैक लिस्टेड कंपनी जो एडीए हाईट्स में काम कर रही है, उसे कितना समय दिया गया था, कितना काम किया उसकी पूरी स्थिति से अवगत कराया जाए और एडीए हाईट्स के फ्लैट्स निर्माण का कार्य अभी तक पूरा क्यों नहीं हुआ इसकी जांच करते हुए संबंधित की जिम्मेदारी तय करें। व्यवसायिक में लगभग 349 सम्पत्तियां बिक्री के लिए तैयार हैं जबकि 42 किरायेदार सम्पत्ति में से 19 बिक्री के लिए तैयार है। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि शेष किराये की सम्पत्ति का कब्जा लिया जाए। बिक्री के लिए तैयार सभी आवासीय एवं अनावासीय सम्पत्तियों को 15 सितंबर से हर हाल में आंवटन हेतु निकाला जाए। साथ ही उन्होंने विवादित प्रकरण से जुड़े विवादों की फाइलें भी तलब की।
वहीं डिफाॅल्टर्स को लेकर अवगत कराया गया कि कुल 4507 डिफाॅल्टर हैं जिन पर लगभग 175 करोड़ बकाया है। महोदया द्वारा कड़ा रूख अपनाते हुए निर्देश दिए गये कि वित्तीय वर्ष 2019 से लेकर वर्तमान तक जितने भी डिफाॅल्टर हैं, उन सभी के आंवटन निरस्त किए जायें। साथ ही न्यायालय से जुड़े जितने विवादित मामले हैं, उन सभी प्रकरणों में आवश्यक अग्रिम कार्यवाही करते हुए निरस्तीकरण किया जाए। पूर्णता प्रमाण पत्र में 145 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें 67 स्वीकृत हो चुके हैं। वहीं रेन वाॅटर हार्वेस्टिंग में 354 आवेदितों की एफडीआर अवमुक्त की जा चुकी है। निर्देश दिए गये कि विगत जितने भी प्रकरणों में आवेदन आने हैं उन सभी को नोटिस जारी किए जायें।
प्राधिकरण की लैण्ड स्थिति की समीक्षा की गयी। अवगत कराया गया कि ककुआ भांडई टाॅउनशिप योजना में अब तक कुल 44 हेक्टे. जमीन अधिग्रहण की जा चुकी है। अधिग्रहण की धीमी प्रगति पर महोदया द्वारा कड़ी नाराजगी जताई गयी। निर्देश दिए गये कि भूमि अधिग्रहण करने हेतु चयनित की गयी कंसलटेंट एजेंसी की जिम्मेदारी तय करते हुए एक महीने में ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाए। अन्यथा एजेंसी को ब्लैक लिस्ट किया जाए। वहीं संबंधित प्लानिंग एजेंसी द्वारा फाइनल डीपीआर जल्द सबमिट नहीं करने पर एजेंसी पर जुर्माना लगाया जाए। डीपीआर फाइनल होते ही इसी माह में निविदा जारी की जाए। वहीं योजना का यूपीरेरा में शीघ्र ही पंजीकरण कराये जाने को भी कहा।
प्रवर्तन कार्यवाही की समीक्षा में अवगत कराया गया कि नोटिस जारी करने के बाद लगभग 111 मामलों में ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गये हैं जिसमें 31 निर्माण ध्वस्त किए गये। 73 निर्माणों पर सीलिंग की कार्यवाही की गयी है। निर्देश दिए कि सभी ध्वस्तीकरण के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, साथ ही सभी सील हुए प्रकरण की जांच करने के बाद उन्हें भी ध्वस्त किया जाए।
प्राधिकरण की प्रगतिमान परियोजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त महोदया ने नाराजगी जतायी कि पिछले वर्ष की एक भी परियोजना अभी तक धरातल पर नहीं उतरी है। निर्देश दिए कि सभी परियोजनाऐं इसी साल हर हाल में पूरी की जाए। अवशेष सभी परियोजनाओं की निविदाएं इसी एक सप्ताह में जारी की जाए और जिन परियोजनाओं की निविदाएँ जारी हो चुकी है उन्हें एक सप्ताह के अंदर अवार्ड किया जाए। अवार्ड हो चुकी आगरा फोर्ट-फतेहपुर सीकरी पर फसाड़ लाईटिंग, जोधाबाई पैलेस में लाईट एंड साउण्ड शो परियोजना को इसी वर्ष के अंत तक पूरा किया जाए। काली माता मंदिर ब्यूटीफिकेशन, थीम पेंटिंग, मैट्रो स्टेशन और पिलर पर फसाड़ इल्यूमिनेशन, फसाड़ लाइटिंग आदि परियोजनाएं एक सप्ताह के अंदर ही अवार्ड की जाएं। सितंबर माह के अंत तक चयनित सभी 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन संचालित किए जाएं। मुराल एवं स्कल्पचर स्थापित किए जाने के कार्य में तेजी लाई जाए। ताज व्यू पाइंट पर सौन्दर्यीकरण, इनर रिंग रोड व रमाड़ा अंडरपास पर इल्यूमिनेशन कार्य अक्टूबर माह के अंत तक पूर्ण किए जाएं। आगरा चौपाटी और आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट पर मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित कराने हेतु एजेंसी का चयन होने पर निर्देश दिए गये कि दोनों स्थलों पर तिथिवार होने वाले आयोजनों का सूचीबद्ध एक कलैण्डर तैयार किया जाए और पूरे शहर में ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड पर इसका प्रचार प्रसार किया जाए। ग्यारह सीढ़ी स्थित पार्क में एक्टिविटी शुरू करने के निर्देश दिए गये।
अवस्थापना निधि से कराये जाने वाले विकास कार्यों की समीक्षा की गयी। शाहजहां पार्क के सौन्दर्यीकरण, एवं बिचपुरी ब्लाॅक के पथौली वायु विहार रोड़ से कलवारी चौराहे होते हुए बाबूजी चैराहा तक 100 फुटा रोड़ का सुदृढ़ीकरण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देष दिए। महोदया ने कहा कि ताजगंज जोनल पार्क की तर्ज पर शास्त्रीपुरम में भी एक पार्क विकसित किया जाए, साथ ही क्षेत्रीय अवस्थापना एवं पथकर निधि के अन्तर्गत नई व जन उपयोगी परियोजनाएं प्रस्तावित की जाएं।