आगरालीक्स…गर्मियों में कुत्ते और बंदर हिंसक हो रहे हैं। बंदर के हमले में दो लोग जख्मी। खेरागढ़ में कुत्तों के झुंड ने 10 भेड़ें मारीं। 15 से ज्यादा भेड़ घायल।
बंदरों का गलियों औऱ कूलरों के सहारे ठिकाना
पारा बढ़ते ही कुत्ते और बंदर हिंसक हो रहे हैं। आगरा शहर में बंदरों का आतंक इतना बढ़ गया है कि कई स्थानों पर लोगों का निकलना तक मुश्किल होता है। गलियों में ठंडे स्थानों पर कूलरों के आसपास बंदर डेरा जमाए रहते हैं। इसके कारण लोगों का निकलना मुश्किल है।
इन इलाकों में ज्यादा आतंक
गोकुलपुरा, राजा की मंडी, बल्काबस्ती, अहीर पाड़ा, शाहगंज, बेलनगंज, पथवारी आदि की गलियों में तो यह हाल है कि घर के बच्चे गलियों से अकेले नहीं निकलते। घर के बड़े लोग ही बाहर तक उनके साथ जाते हैं।
गलियों में बंदर, फोनकर परिजन बुलाती हैं महिलाएं
महिलाएं भी अकेले निकलने से डरती हैं। अथवा अपने साथ लाए मोबाइल से फोन कर परिजनों को बुलाने के बाद ही गलियों से गुजर पाती हैं।
बंदरों ने किशोर और किशोरी को किया जख्मी
पुनिया पाड़ा में रेलवे फाटक के समीप आज बंदरों ने गुंजन नामक लड़की पर हमला कर दिया, जिससे वह चुटैल हो गई। पथवारी पर बंदरों के हमलावर होने पर सोनू नामक किशोर भागते में गिरकर जख्मी हो गया।
![](https://agraleaks.com/wp-content/uploads/2023/04/4d05e013-2114-4a06-8aa2-14f2363c5d32.jpg)
कुत्तों ने खेरागढ़ में 10 भेड़ों को मार डाला
वहीं खेरागढ़ की पुरानी तहसील के पीछे रहने वाले पशुपालक संजय कुमार और राकेश के भेड़ों के बाड़े पर रात में कुत्तों ने धावा बोल दिया और दोनों की 10 भेड़ों को मार दिया और करीब 15 को घायल कर दिया। सुबह पशुपालकों ने कुत्तो को बाड़े में देखकर उन्हें भगया। घायल भेड़ों का पशु चिकित्सक से उपचार कराया गया है।