आगरालीक्स…आगरा में इंटरनेशनल म्यूजियम डे पर ताजमहल पर हुई ड्राइंग और वाद—विवाद प्रतियोगिताएं. म्यूजियम के महत्व और उसकी उपयोगिताएं बताईं…
आज अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा ताजमहल परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें संग्रहालय के महत्व और उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण कीं तरफ़ से अलका सिंह नेगी और प्रिन्स बाजपेई व सीआईएसएफ की तरफ़ से अरविंद सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वाद/विवाद तथा ड्रॉइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वाद/विवाद प्रतियोगिता का शीर्षक था “संग्रहालय कलानिधि के संग्रह के लिए एक इमारत है या एक सांस्कृतिक केंद्र”। इस प्रतियोगिता में इतिहास एवं संस्कृति विभाग, डॉ भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय के छात्र/छात्राओं ने कुलपति प्रोफ आशु रानी के निर्देशन में प्रतिभाग किया तथा पुरस्कार जीते।

इतिहास एवं संस्कृति विभाग के विभागध्यक्ष प्रोफ बीडी शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान की छात्रा दीक्षा रावत को प्रथम पुरस्कार, मोनिका वार्ष्णेय को दूसरा स्थान, सूरज सिंह को तृतीय स्थान पर पुरस्कार प्राप्त हुआ और हरेंद्र सिंह को सांत्वना पुरस्कार मिला। ड्राइंग प्रतियोगिता में इतिहास एवं संस्कृति विभाग की विमला एवं फ़रीन ने बाज़ी जीती। विश्वविद्यालय कुलपति प्रोफ आशु रानी ने सभी विजेता छात्रों को बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनायें दी। इतिहास एवं संस्कृति विभाग की तरफ़ से डॉ अमित शर्मा एवं डॉ हेमन्त कुमार ने संग्रहालय के महत्त्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर क़ादिर, सपना सिंह, सूर्वि पवैया, डिकाशना, ललितेश आदि उपस्थित रहे।