आगरालीक्स..आगरा में लिपस्टिक को लेकर पति से रूठी पत्नी तलाक के लिए पुलिस तक पहुंच गई. काउंसलर ने कही ऐसी बात, पत्नी बोली—सॉरी…हैप्पी एंडिंग
आगरा में पति—पत्नी के बीच विवाद के अक्सर अजीबो गरीब मामले सामने आते हैं. परिवार परामश केंद्र पर जब लड़ाई के ये मामले पहुंचते हैं तो काउंसलर द्वारा उन्हें समझाया जाता है. कुछ लोग समझ जाते हैं और फिर से साथ रहने लगते हैं तो कुछ लोग नहीं समझ पाते और वह अपनी ही जिद पर अड़े रहते हैं. आगरा में पति पत्नी के बीच लड़ाई का कुछ ऐसा ही अजीबोगरीब मामला सामने आया है. छह महीने पहले हुई शादी के बाद पति पत्नी के बीच लिपस्टिक के कलर को लेकर लड़ाई हो गई.
जानें क्या है मामला
आगरा की रहने वाली एक युवती की शादी छह महीने पहले मथुरा के युवक से हुई थी. पति राजमिस्त्री है. कुछ दिन पहले पत्नी ने अपने पति से सुर्ख लाल रंग की लिपस्टिक लाने को कहा. पति को महिलाओं के सौंदर्य उत्पादों के बारे में कोई खास जानकारी नहीं थी, सो पति लाल रंग की जगह गाढ़े महरून कलर की लिपस्टिक खरीद लाया. दूसरे कलर की लिपस्टिक देख पत्नी ने उसे वापस लौटाने को कहा लेकिन पति ने कहा कि वह उस लिपस्टिक को रख ले और दूसरी उसके पसंदीदा कलर की लिपस्टिक लाने को कहा.
पत्नी ने इसे फिजूलखर्ची कहा और पति को समझाया लेकिन पति ने कहा कि वह दूसरी लिपस्टिक ले आएगा. ये छोटी सी बात बहस में बदल गई और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच झगड़ा हो गया. पति वहां से काम के लिए चला गया और गुस्साई पत्नी ने सामान पैक किया और अपने मायके चली गई. बाद में पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत कर दी. मामला समझौते के लिए आगरा के परिवार परामर्श केंद्र पर पहुंचा. यहां काउंसलर के सामने दोनों पति पत्नी उपस्थित हुए. काउंसलर ने दोनों की पूरी बात सुनी और झगड़े का कारण जाना.
काउंसलर ने कही ये बात
काउंसलर ने पत्नी को समझाया कि उसके पति ने दूसरी लिपस्टिक लाने की बात फिजूल खर्ची के लिए नहीं, बल्कि प्रेम के कारण की थी. वह तुमसे प्रेम करता है इसलिए तुम्हारे लिए दूसरी लिपस्टिक लाने को कहा. समझाने पर पति—पत्नी में सुलह हो गई और फिर दोनों साथ रहने को तैयार हो गए.