आगरालीक्स …..आगरा में साइंस की टीचर ने छात्र से फाइल बनाने के लिए कहा, छात्र के परिजन स्कूल पहुंचे और शिक्षिका की पिटाई लगा दी, मुकदमा।

आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल, बिचपुरी में ताजगंज निवासी मनोरमा यादव सहायक अध्यापिका हैं। उन्होंने कक्षा आठ के छात्रों से विज्ञान की फाइल बनाने के लिए कहा था। शिक्षिका का आरोप है कि 26 अप्रैल को वे कक्षा आठ में पढ़ा रही थी, इसी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र के परिजन दोपहर 12 बजे स्कूल में आ गए। उन्होंने शिक्षिका के साथ गालीगलौज की, कहा कि हमारा बच्चा कोई फाइल नहीं बनाएगा। आरोप है कि परिजनों ने महिला शिक्षिका के साथ मारपीट कर दी, उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी, पुलिस के पहुंचने से पहले वे वहां से चले गए।
मुकदमा दर्ज
जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि महिला शिक्षिका की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है, छात्र के परिजनों से पूछताछ पर उनका आरोप है कि छात्र की शिक्षिका ने पिटाई कर दी थी, उसकी शिकायत करने के लिए स्कूल गए थे। मामले की जांच की जा रही है, इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।