आगरालीक्स…आगरा के एसएन में कैंसर के उपचार, सटीक कैंसर निदान को लेकर ‘ऑन्कोपैथोलॉजी कार्यशाला एवं सीएमई’ पर डॉक्टर्स करेंगे चर्चा. छात्रों और तकनीशियनों को मिलेगा प्रशिक्षण
सटीक कैंसर निदान (प्रिसिजन डायग्नोस्टिक्स) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग और मुंबई के टाटा मेमोरियल सेंटर ट्रैवलिंग स्कूल ऑफ ऑन्कोपैथोलॉजी (टीटीएसओपी) के सहयोग से तीन दिवसीय ऑन्कोपैथोलॉजी कार्यशाला और सीएमई का आयोजन गुरुवार से शुरू हो गया। प्रख्यात ऑन्कोपैथोलॉजिस्ट डॉ. अनीता बोर्जेस की स्मृति में समर्पित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर के चिकित्सक, संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर और लैब तकनीशियन भाग ले रहे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि कैंसर के सफल उपचार की पहली और सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी उसका सटीक और समय पर निदान (डायग्नोसिस) है। इस तरह का अकादमिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण एसएनएमसी के चिकित्सकों, छात्रों और तकनीशियनों की दक्षता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, जिसका सीधा लाभ आगरा और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को मिलेगा।
पैथोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. दीपा रानी ने कहा कि आधुनिक ऑन्कोपैथोलॉजी में केवल बीमारी की पहचान ही नहीं, बल्कि ट्यूमर के सटीक चरण (स्टेजिंग) का आकलन भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों और पैथोलॉजिस्ट के बीच संवाद को मजबूत करना तथा तकनीशियनों को उच्च गुणवत्ता वाली स्लाइड व रिपोर्ट तैयार करने के लिए व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित करना है।
पहले दिन की प्रमुख गतिविधियां एवं ट्यूमर बोर्ड चर्चा
कार्यशाला के पहले दिन जटिल कैंसर नमूनों की ग्रॉसिंग तकनीक तथा 15 से 17 जटिल कैंसर मामलों पर बहु-विषयक ‘ट्यूमर बोर्ड’ चर्चा के साथ कार्यक्रम का सफल शुभारंभ हुआ। ट्यूमर बोर्ड चर्चा के दौरान एसएन मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्यों—डॉ. तबस्सुम, डॉ. अखिल प्रताप, डॉ. अनिमेष गुप्ता, डॉ. मयंक अग्रवाल (न्यूरोसर्जरी), डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. ऋचा जैमन (सर्जरी), डॉ. रुचिका (गायनी), डॉ. तरुणेश शर्मा, डॉ. वरुण अग्रवाल (ऑन्कोलॉजी), डॉ. उर्वशी (गायनी), डॉ. सुरभि (रेडियोथेरेपी), डॉ. गौरव और डॉ. सुभजीत बारिक—द्वारा महत्वपूर्ण एवं जटिल क्लीनिकल केस प्रस्तुत किए गए। टीएमसी, मुंबई से आई विशेषज्ञ टीम ने कॉलेज के क्लीनिकल संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और केस प्रस्तुतियों की सराहना की।
तकनीशियनों के लिए विशेष हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण
कार्यशाला के तीनों दिन टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (टीएमएच), मुंबई के विशेषज्ञों द्वारा पैथोलॉजी तकनीशियनों को हिस्टोपैथोलॉजी, साइटोपैथोलॉजी, विभिन्न स्टेनिंग तकनीकों, रैपिड ऑन-साइट इवैल्यूएशन और गुणवत्ता नियंत्रण पर व्यावहारिक (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रमुख संकाय एवं आयोजन समिति
इस कार्यक्रम का समन्वय टीएमसी, मुंबई के डॉ. सुमीत गुजराल और डॉ. श्रीधर ई. कर रहे हैं, जिसमें डॉ. पंकज चतुर्वेदी, प्रो. नुजहत हुसैन, डॉ. सुनील पसरीचा सहित कई प्रख्यात राष्ट्रीय विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। एसएनएमसी आगरा में यह आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता जी के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजन अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र कुमार, आयोजन सचिव डॉ. प्रशांत सिंह और विभागाध्यक्ष डॉ. दीपा रानी द्वारा किया जा रहा है। सत्रों का सफल संचालन डॉ. पूजा अग्रवाल, डॉ. गरिमा, डॉ. चंद्रकांता एवं डॉ. पूजा नागायच द्वारा किया गया।