आगरालीक्स…पांच साल का शिवाय परिवार का था इकलौता बेटा. केदारनाथ यात्रा के दौरान खाई में गिरने से मौत. सदमे में अब पूरा परिवार
आगरा के ट्रांस यमुना कालोनी बी ब्लॉक के रहने वाले दंपति का पांच साल का बेटा केदरानाथ यात्रा के दौरान गहरी खाई में गिर गया। बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जिसने भी ये घटना सुनी, वो परिवारीजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच गए। ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित फेज एक के रहने वाले विजय कुमार गुप्ता के साथ ये दर्दनाक हादसा हुआ। विजय कुमार गुप्ता ऑनलाइन टिकट बुकिंग करते हैं। उनकी एक 20 साल की बेटी और पांच साल का बेटा शिवाय था। शिवाय एलकेजी का छात्र था। परिवारीजनों ने बताया कि विजय के रिश्तेदार ने हरिद्वार में भंडारे का कार्यक्रम रखा था। विजय गुप्ता अपने और साढ़ू के परिवार के साथ वहां गए थे। इस कार्यक्रम के बाद वे परिवार सहित वहां से केदारनाथ धाम दर्शन करने के लिए चले गए।

परिजन ने बताया कि शुक्रवार को गौरी कुंड से भीमबली तक घोड़े से यात्रा की। इसके बाद पैदल चलने लगे। उनके बेटे शिवाय को चलने में परेशानी हो रही थी। वह रोने लगा, जिसके बाद दंपती ने बच्चे के लिए पिट्ठू कर लिया। पिट्ठू की कंडी में बेटे को बैठा दिया। परिवार के लोग पीछे रह गए और पिट्ठू आगने निकल गया। वे पीछे आराम से चले आ रहे थे, तभी कुछ लोगों ने बच्चे के गिरने की सूचना दी। ये सुनकर दंपती के होश उड़ गए।
तेजी से दंपती आगे पहुंचे तो शिवाय और पिट्ठू नहीं मिला। कुछ समय बाद पुलिस ने खाई में बच्चे का शव मिलने की जानकारी दी। इस पर परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित घर पर रिश्तेदार और आसपास के लोग ढांढस बंधाने पहुंचे।