आगरालीक्स…आगरा में पहली बार जनकपुरी को लेकर हुई स्कूलों की छुट्टी. बच्चों को मिला सरप्राइज तो पुराने लोग बोले—हमारे समय तो कभी नहीं की.
आगरा में शायद पहली बार ही ऐसा हुआ कि जनकपुरी महोत्सव के लिए जिले के सभी स्कूलों में दो दिन का अवकाश रखा गया है. मंगलवार देर शाम जब डीएम की ओर से छुट्टी के आदेश जारी किए गए तो यह हर किसी के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं रहा. कई लोग तो पुष्टि करने के लिए एक दूसरे से संपर्क करते रहे. सबसे ज्यादा बल्ले—बल्ले हुई बच्चों की. बच्चों के लिए तो स्कूलों में दो दिन की छुट्टी होने की सूचना ने ही मुस्कुराहट ला दी. इस छुट्टी की जानकारी होने जब लोगों को हुई तो उनका कहना था कि हम लोग जब स्कूल जाते थे तब तो जनकपुरी को लेकर कभी छुट्टी नहीं हुई.
कई बच्चे स्कूल से वापस लौटे
मंगलवार देर शाम जिलाधिकारी द्वारा जारी किए गए आदेशों की प्रति 10 बजे के बाद ही वायरल हुई. आधे से ज्यादा लोगों को तो इसकी जानकारी ही नहीं हो सकी. कई स्कूलों के मैसेज भी पेरेंट्स के पास नहीं पहुंचे. ऐसे में काफी बच्चे आज स्कूल पहुंच गए लेकिन वहां छुट्टी होने की जानकारी पर वो वापस लौट आए.
स्कूलों में चल रहे एग्जाम
आगरा के कई स्कूलों में इस समय फस्र्ट टर्म के एग्जाम चल रहे हैं. ऐसे में दो दिन की छुट्टियां होने से एग्जाम का शिड्यूल अब चेंज किया गया है. बदले गए शिड्यूल का मैसेज पेरेंट्स के पास भेजा गया है.