Agra News: Foundation Day of Uttar Pradesh celebrated at Surasadan in Agra…#agranews
आगरालीक्स…आगरा के सूरसदन में मनाया गया उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस. 10वीं और 12वीं में टॉप करने वाली 17 छात्राओं का किया गया सम्मान.
आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य की अध्यक्षता में यह आयोजन किया गया। सबसे पहले कैबिनेट मंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं के अन्तर्गत शपथ/हस्ताक्षर अभियान के बोर्ड पर हस्ताक्षर कर हस्ताक्षर अभियान का शुभारम्भ किया और इसके बाद स्वयं सहायता समूह, उ0प्र0 कौशल विकास मिशन, बाल विकास परियोजना, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उद्यान एवं खाद्य एवं प्रसंस्करण विभाग, महिला कल्याण विभाग, यूपीनीडा, पंचायतराज विभाग तथा इत्यादि विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सराहना की। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा गणेश वंदना के साथ-साथ आजादी की गाथाओं पर आधारित नाटक, नृत्य नाटिकाओं एवं समृद्धशाली संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति की गयी।
![](https://agraleaks.com/wp-content/uploads/2023/01/11-1.jpg)
कैबिनेट मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश की 24 जनवरी सन् 1950 को स्थापना हुई थी, जबसे आज तक बहुत सारी सरकारें आईं और गईं लेकिन किसी सरकार द्वारा प्रदेश का स्थापना दिवस नहीं मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी की सरकार का यह बहुत सराहनीय कदम रहा कि 2018 में प्रथम स्थापना दिवस के रूप में शुभारम्भ किया गया। इसी के परिप्रेक्ष में आज हम उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मना रहें हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश दुनियां के बहुत से देशों की आबादी के तुलनात्मक बढ़ा है और इसी प्रदेश में ही भगवान राम, भगवान कृष्ण, भगवान बुद्ध एवं बहुत सारे ऋषि मुनियों के रूप में अवतार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सराहनीय प्रयास से महिला सशक्तीकरण हेतु मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ, रानी लक्ष्मी बाई योजना, पति के मृत्यु उपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजना, दहेज उत्पीड़न में कानूनी सहायता योजना, स्वयं सहायता समूह इत्यादि योजनायें शासन द्वारा संचालित की जा रही हैं।
![](https://agraleaks.com/wp-content/uploads/2023/01/10-2.jpg)
मंत्री द्वारा पर शिक्षकों, कर्मचारियों, किसानों, मेधावी छात्रों, श्रमिकों, आं0बा0 कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूह आदि प्रतिभाशालियों को पुरस्कृत किया गया, जिसमें महिला कल्याण विभाग द्वारा 10वीं व 12वीं की 17 छात्राओं को 05-05 हजार रू0 के चेक व श्रमिकों की बेटी की शादी हेतु रू0 10-10 हजार के चेक, कृषि विभाग द्वारा ट्रैक्टरों की चाभियां तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रू0 एक करोड़ 08 लाख का चेक इत्यादि विभागों द्वारा लगभग 200 प्रतिभाशालियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायकगण छोटेलाल वर्मा, पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेंश, महिला आयोग की सदस्या निर्मला दीक्षित, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल एवं मुख्य विकास अधिकारी ए0 मनिकन्डन तथा ब्लाक प्रमुख खन्दौली आशीष शर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।