आगरालीक्स… आगरा में दर्दनाक हादसे में नहर में कार गिरने से चार दोस्तों की मौत के बाद एक साथ अंतिम संस्कार, शादी में शामिल होकर लौट रहे थे छह दोस्त।
आगरा के गढी मोहनलाल शमसाबाद के रहने वाले छह दोस्त जितेंद्र, शैलेश, विनोद कुमार, मनीष, योगेश और आदित्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए शुक्रवार को कार से नौमील बमरौली कटारा में गए थे। रात आठ बजे वहां से लौट रहे थे, नहर के किनारे दिगनेर पुलिया पर कार अनियंत्रित हो गई, कार नहर में पलट गई। ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए।
30 मिनट में निकल सके बाहर
कार में फंसे छह दोस्त बाहर निकलने के लिए हाथ पैर मार रहे थे, ग्रामीणों ने कार के शीशे तोड़े, इसके बाद बाहर निकाला। इसमें करीब 30 मिनट का समय लग गया, हादसे में जितेंद्र, शैलेश, विनोद और मनीष की मौत हो गई। योगेश की हालत गंभीर है जबकि आदित्य को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया।
एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
चार दोस्तों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। शनिवार को चारों दोस्तों का गांव में एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।