आगरालीक्स…आगरा में स्कूल में छात्रा के साथ मारपीट का आरोप. छात्रा के परिजन बोले—एक चोटी बनाकर आने पर दी सजा. एसएन में कराई भर्ती..
आगरा में कक्षा 11वीं की छात्रा के साथ स्कूल में बुरी तरह से मारपीट की गई और इसकी वजह सिर्फ ये है कि छात्रा स्कूल में एक चोटी बनाकर पहुंची थी. छात्रा को इतना पीटा गया कि उसके नाक—कान से खून निकल आया और उसे एसएन में भर्ती कराया गया है.घटना थाना सैंया क्षेत्र की है. यहां के पंडित मूंगाराम बाबूजी इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं की छात्रा जब स्कूल पहुंची तो उसे स्कूल के गेट पर रोक दिया गया क्योंकि वो एक तो लेट पहुंची थी और दूसरा वो दो चोटी की जगह एक चोटी बनाकर आई थी. छात्रा के अनुसार जैसे ही वो गेट पर पहुंची, यहां मौजूद शिक्षक ने रोक लिया. तभी स्कूल प्रबंधक दंपत्ति वहां पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने छात्रा के लेट आने और दो चोटी न बनाकर आने पर फटकार लगाई. छात्रा ने कहा कि वह नियम भूल गई थी और जल्दबाजी में एक चोटी बनाकर आ गई. आरोप है कि इस पर प्रबंधक दंपत्ति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि उसके बाल खींचे गए और चेहरे पर थप्पड़ के साथ एक लोटा मारा गया. जिससे उसके नाक और कान से खून बहने लगा. छात्रा ने अपने पिता को फज्ञेन किया जिसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे. छात्रा को रोता और उसकी हालत बिगड़ती देख पहले उसे सैंया के एक निजी अस्प्ताल में ले जाया गया जहां से उसे एसएन रेफर कर दिया गया. परिवार की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.