आगरालीक्स…आगरा में रविवार को वृंदावन की हरेराम हरे कृष्णा मंडली निकालेगी हरि संकीर्तन यात्रा. ‘नरसी की भात कथा’ और सात निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह का होगा आयोजन
भारत विकास परिषद “सुरभि” द्वारा एक भव्य कार्यक्रम (नरसी का भात कथा) एवं सात निर्धन कन्याओं का सरल सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। इसी के उपलक्ष में 22 जनवरी को श्री राम पार्क में सुबह 12 बजे से मेहंदी का आयोजन रहेगा और शाम 4 बजे से वृंदावन की हरे राम हरे कृष्णा मंडली द्वारा हरि संकीर्तन यात्रा पूरे जयपुर हाउस में निकाली जाएगी। संकीर्तन यात्रा श्री राम मंदिर से प्रारंभ होगी, वहां से आर्य समाज मंदिर होते हुए टीचर्स कॉलोनी की तरफ जाएगी। यहां से जैन मंदिर होते हुए झूलेलाल भवन से श्याम भदौरिया के सामने से प्रताप नगर चौराहे से होते हुए संजय कम्युनिकेशन के सामने से होते हुए श्री राम पार्क पर आकर समाप्त होगी।

परम श्रद्धेय भागवत विदुषी कीर्ति किशोरी जी यात्रा के दौरान स्वयं संकीर्तन में भागीदारी करेंगी। 23, 24 व 25 जनवरी को दोपहर दो बजे से शाम 5 बजे तक अमृत कथा का रसपान कराया जाएगा जिसके बाद 26 जनवरी को सात निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। यह जानकारी वंदना अग्रवाल (संरक्षिका), नीलिमा शर्मा (मार्गदर्शिका), निधि बंसल (अध्यक्ष), निधि अग्रवाल (सचिव), अंजलि अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), ममता जैन (महिला संयोजिका) ने दी।