आगरालीक्स… आगरा के सरकारी अस्पतालों में हेल्थ एटीएम लगे हुए हैं लेकिन खराब हैं। इन एटीएम की हेल्थ ठीक नहीं है। ( Agra News : Health ATM not working proper #Agra )
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की गयी। विगत मण्डलीय बैठक में दिए गये निर्देषों के अनुपालन में संबंधित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि आगरा मण्डल के सरकारी अस्पतालों की बिल्डिंग, भवनों के जीर्णोद्धार पर ध्यान दिया गया है। समुचित सफाई का ध्यान रखा जा रहा है। सभी मशीनें/उपकरण ठीक से काम कर रहे हैं। मरीजों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थियों के सापेक्ष फिरोजाबाद और मैनपुरी में सबसे कम भुगतान किये जाने पर नाराजगी व्यक्त की गयी।
निर्देश दिए गये कि जिस जनपद में पिछले 4-5 माह से जननी सुरक्षा योजना के तहत योजना के लाभ दिलाने में वृद्धि नहीं हुई है वहां के संबंधित लापरवाह अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जाए। शत प्रतिशत लाभार्थियों और आशाओं को समय से भुगतान किया जाए। हेल्थ एटीएम को लेकर निर्देश दिए कि जहां भी मशीनें खराब हों उन्हें ठीक करा सक्रिय बनाया जाए। मण्डलायुक्त महोदया ने निर्देश दिए कि एक बार सभी मण्डलीय और जिला स्तरीय अधिकारी विद्यालय, अस्पताल, गौशाला, आईजीआरएस, जनपदों में चल रहे बड़े प्रोजेक्ट और जनप्रतिनिधियों से मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर एक अभियान चलाते हुए कमियों का निस्तारण करते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर लें।