आगरालीक्स…बच्चों को सुबह का नाश्ता जरूर कराएं. डॉक्टरों ने कहा—संतुलित आहार के लिए इन चीजों को भोजन में जरूर करें शामिल. मोबाइल व टीवी की टाइमिंग रखें सिर्फ इतनी
भारत विकास परिषद् संपर्क शाखा की ओर से संस्कृति माह के अंतर्गत स्वास्थ्य परिचर्चा का आयोजन बल्केश्वर स्थित गणेशराम नागर विद्यालय में किया गया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण जैन ने कहा कि संतुलित आहार के लिए भोजन में कार्बोहाइड्रेट (गेहूं, चावल, दलिया), प्रोटीन (दालें, अंडा, दूध, पनीर, सोया), वसा (घी, तेल), विटामिन और खनिज (हरी सब्ज़ियाँ, फल) और जल को पाँच पोषक तत्व के रूप में शामिल करें। सुबह का नाश्ता ऊर्जा का मुख्य स्रोत होता है। नाश्ते को न छोड़ें! डॉ. संध्या जैन ने कहा कि स्वास्थ्य जीवनशैली के लिए प्रतिदिन कम से कम 1 घंटा शारीरिक गतिविधि अनिवार्य करें। मोबाइल व टीवी की स्क्रीन टाइम को प्रतिदिन 1-2 घंटे तक सीमित रखें। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. दिग्जेंद्र सिंह ने कहा कि बच्चे अपने दांतों की सफाई पर ध्यान दें, कम से कम दिन में दो बार ब्रश करें। अत्यधिक मोटापा या कमज़ोरी दोनों ही असंतुलित आहार और दिनचर्या के लक्षण हो सकते हैं। इस अवसर पर सचिव इना फौजदार, चंद्रवीर सिंह, पूर्णिमा वर्मा, सुरेश जैन, चारु पटेल आदि मौजूद रहे।