आगरालीक्स…आगरा में नो होर्डिंग जोन में फिर से लगने लगे होर्डिंग. संजय प्लेस में डेढ़ महीने पहले जिस जगह होर्डिंग्स पर चला था बुलडोजर, वहां फिर से लगने लगे होर्डिंग
प्रदेश की योगी सरकार की ओर से शहर में अतिक्रमण, अवैध स्टैंड्स, अवैध पार्किंग्स के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हुए हैं. डेढ़ महीने पहले आगरा में नगर निगम की ओर से अवैध अतिक्रमण व अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ अभियान भी चलाया गया लेकिन एक बार फिर से नो होर्डिंग्स जोन में फिर से होर्डिंग लगना शुरू हो गए हैं. इन होर्डिंग्स के कारण दुकानदारों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

14 जून को हटाए थे होर्डिंग्स
बता दें कि शासन के आदेश पर 14 जून को नगर निगम की टीम ने संजय प्लेस में लगे अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई की थी. निगम के जेसीबी ने यहां लगे होर्डिंग्स को उखाड़ फंेका था और यह अभियान पूरे संजय प्लेस में चला था. इस संबंध में नगर गिनम की ओर से अवैध होर्डिंग्स लगाने वालों को चेतावनी भी दी गई थी. दोबारा होर्डिंग्स लगाने पर कार्रवाई के साथ जुर्माना वसूलने की भी जानकारी दी गई थी.

फिर लगे होर्डिंग्स
नगर निगम की ओर से भले ही चेतावनी दी गई हो लेकिन इसका असर डेढ़ महीने भी नहीं रहा. संजय टॉकीज के पास जिस जगह नगर निगम की टीम ने डेढ़ महीने पहले अवैध होर्डिंग्स जेसीबी से हटाए थे वहां आज फिर से होर्डिंग्स लगना शुरू हो गए हैं. इस संबंध में क्षेत्रीय दुकानदारों का कहना है कि कुछ लोग जबर्दस्ती दुकानों के सामने होर्डिंग्स लगाते हैं. जब उनसे इनको लगाने का कारण पूछा जाता हे तो कहते हैं कि नगर निगम की परमीशन से लगाए गए हैं. यही नहीं विरोध पर इनके द्वारा धमकी भी दी जाती है. दुकानदारों के अनुसार पूरे क्षेत्र में इस तरह के होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं और ये दुकानों के सामने लगाए जाते हैं. इससे मार्केट भी प्रभावित होता है.