आगरालीक्स…आगरा की गर्मी से परेशान होकर पहाड़ों पर घूमने जा रहे हैं तो वहां की स्थिति पहले जान लें. ये समस्याएं कर रहीं पर्यटकों को परेशान
आगरा में इस समय प्रचंड गर्मी पड़ रही है. गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने के कारण अधिकतर लोग इस समय वीकेंड या अन्य दिनों में घूमने के लिए उत्तराखंड या हिमाचल के लिए टूर पैकेज देख रहे हैं और पहाड़ों पर परिवार व दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं. लेकिन अगर आप भी वहां जा रहे हैं तो पहले वहां की स्थितियों को भी जान लें क्योंकि वहां जाने वाले पर्यटकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पिकनिक स्पॉट्स पर इस समय बहुत अधिक भीड़ है. इसके कारण होटल और गेस्ट हाउस में कमरों के लिए बुकिंग की दिक्कत आदि लोगों को आ रही है. वहीं सबसे बड़ी समस्या वहां जाम की बनी हुई है. हाल ये है कि कई रूटों पर जाम इतना अधिक है कि पर्यटकों को रात सड़क पर ही काटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.
अधिक वसूली
इसके अलावा पर्यटकों की अधिक भीड़ होने के कारण होटल व गेस्ट हाउस में कमरों के किराये में तीन से चार गुना तक वृद्धि कर दी गई है. गेस्ट हाउस में किराया 5000 रुपये प्रति दिन का वसूला जा रहा है. वहीं पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं में भी अवैध वसूली की शिकायतें आ रही हैं. देहरादून व मसूरी जाने वाले पर्यटकों का कहना है कि यहां पर खाने पीने की चीजों पर दो से तीन गुना अधिक पैसे लिए जा रहे हैं.