आगरालीक्स…आगरा की ऐतिहासिक राम बारात और रामलीला की व्यवस्थाएं रामभरोसे। सड़कें खस्ता हाल, गिट्टियां उखड़ीं। मैनहॉल के ढक्कन बनेंगे मुसीबत। देखें फोटो।
राम बारात निकलने में चार दिन, कैसें सुधरेंगी सड़कें

घटिया आजमखां चौराहे के समीप सड़क का एक टुकड़ा।
आगरा की ऐतिहासिक राम बारात निकलने में मात्र चार दिन का समय रह गया है। राम बारात 21 सितंबर को निकाली जाएगी लेकिन राम बारात के मुख्य मार्गों और उपमार्गों की सड़कों को अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया है। हालात यह है कि शहर के भीतरी इलाके में गड्ढे इतने खतरनाक हैं कि यह राम बारात की झांकियों के लिए दुर्घटना का सबब हो सकते हैं।
बेलनगंज से फुलट्टी बाजार तक बुरा हाल

नाव वाली गली पथवारी बेलनगंज की सड़क का हाल।
राम बारात के मुख्य मार्ग बेलनगंज चौराहे से फुलट्टी बाजार की बात की जाए तो यहां सबसे ज्यादा हालात खराब है। बेलनगंज पथवारी मंदिर के पास सड़क उखड़ी पड़ी है। इससे आगे और पथवारी मंदिर की गली भी बुरी तरह उधड़ी पड़ी है।
नगर निगम के ऑफिस के पास डलाबघर की जगह गड्ढा

बीपी ऑयल मिल का मोड़। राम बारात के दौरान यहां श्री राम और उनके भाई कुछ देर विश्राम करते हैं। पैचवर्क किया गया था, जो उखड़ गया है।
गुदड़ी मंसूर खां को जाने वाली रास्ते पर नाव वाली गली के पास सड़क पर गड्ढे हो रहे हैं।पास में ही नगर निगम का ऑफिस है, जहां ठीक सामने डलाबघर है और यहां की पूरी सड़क अब गड्ढे में तब्दीलहो चुकी है। गंदगी और गड्ढे की वजह से लोग निकल नहीं पाते हैं।
सड़क दो हिस्सों में कटी पड़ी है
इसके समीप दिगंबर जैन इंटर कॉलेज के सामने बुरी सड़क दो भागों में कटी हुई पड़ी है, जिसे भरने का काम नहीं किया गया है।
श्रीराम जहां करेंगे विश्राम वहां हालत सबसे बदतर
सिटी स्टेशन से आगे डलाबघर के पास गंदगी और गड्ढे हो रहे हैं। इससे आगे बीपी ऑयल मिल वाली गली है, जहां राम, लक्ष्मण, भरत शत्रुघ्न के स्वरूप रुकते हैं और उन्हें गोद में उठाकर कुछ देर विश्राम के लिए ले जाया जाता है। ठीक इस जगह सड़क दो हिस्सों में बुरी तरह कटी हुई थी, जिसमें एक सप्ताह पूर्व कोलतार और गिट्टी डाली गई थी, जो अब पूरी तरह से उखड़ गई है। गली की हालत खस्ता हाल है। घटिया आजम खां चौराहे के स्पीड ब्रेकर टूट गए हैं और गड्ढे हो गए हैं।
फुलट्टी बाजार के मेनहॉल बनेंगे दुखदाई
घटिया पुलिस चौकी से फुलट्टी बाजार की ओर जाने वाले रास्ते कुछ स्थानों पर सही हैं, कुछ पर छोटे गड्ढे हैं लेकिन इस रास्ते के मैनहॉल के ढक्कन ठीक नहीं होने से झांकियों के पहिये उसमें आने से खतरा हो सकता है।
राम बारात के उपमार्ग तो और ज्यादा खराब
राम बारात के उपमार्गों की हालत तो और ज्यादा खराब है। घटिया चौराहे से हरीपर्वत, मंडी सईद का रास्ता बदहाल हो गया है। अन्य रास्तों का भी कमोबश यही हाल है।
रामलीला मैदान तो बन गया है दलदल

रामलीला मैदान के हालात भी कुछ अच्छे नहीं हैं। परिसर में कीचड़ और अतिक्रमण व्याप्त हैं।
रामलीला मैदान परिसर की भी बुरी हालत बनी हुई है। बारिश के कारण कीचड़ हो गई है। कई स्थानों पर गंदगी भी उफन रही है।