आगरालीक्स…आगरा में बच्चे को Expired vaccine लगने के मामले में आईएमए ने कहा—यह एक मानवीय भूल लेकिन सबक भी. कहा वीडियो नहीं, डॉक्टरों से विश्वास बनाएं…
आगरा के कमला नगर स्थित अस्पताल में बच्चे को Expired vaccine लगाने के मामले में अब आगरा में डॉक्टरों की संस्था आईएमए ने भी अपनी बात रखी है. आईएमए सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा की ओर से सूचित किया गया है कि कल एक बाल रोग विशेषज्ञ के क्लिनिक में एक बच्चे को गलती से Expired vaccine लगा दी गई थी. इस मामले की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि यह एक मानवीय भूल थी. हम आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि बच्चा पूर्णतः स्वस्थ है और विशेषज्ञ की देखरेख में है. परिवार के सदस्यों ने भी कोई शिकायत दर्ज नहीं की है. यह समझौता इस बात का प्रमाण है कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से इस मामले का समाधान निकाला है.
इस संदर्भ में, उन्होंने कहा कि मैं कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालना चाहता हूं: यदि किसी अपरिहार्य स्थिति में expired वैक्सीन लग भी जाती है, तो घबराएं नहीं. मेडिकल साहित्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं का उल्लेख मिलता है.
ऐसी स्थिति में निम्नलिखित सावधानियां बरतें
डॉक्टर की सलाह पर बच्चे को 3 दिन तक चिकित्सकीय निगरानी में घर या अस्पताल में रखें.
किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
वैक्सीन को दोबारा लगाने का निर्णय निर्माता के दिशा-निर्देशों पर निर्भर करता है. यदि आवश्यक हो, तो killed वैक्सीन तुरंत और live वैक्सीन 4 सप्ताह के अंतराल पर दी जा सकती है.
IMA आगरा इस घटना से सीख लेते हुए पूर्ण प्रयास करेगी कि भविष्य में ऐसी त्रुटियां न हों. हम लगातार चिकित्सा क्षेत्र में गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्यरत हैं.
अंत में उन्होंने कहा कि मरीजों द्वारा डॉक्टरों के वीडियो बनाना और उन्हें वायरल करना एक गंभीर मुद्दा है. यह डॉक्टर-मरीज के रिश्ते को नुकसान पहुंचाता है, जो विश्वास पर आधारित होता है. इंटरनेट से जानकारी प्राप्त करना अच्छा है, लेकिन अपने चिकित्सक पर विश्वास न करना मरीज के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है. हमें मिलकर एक ऐसा वातावरण बनाना होगा जहां डॉक्टर और मरीज एक-दूसरे पर भरोसा कर सकें और बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए साथ मिलकर काम कर सकें.