आगरालीक्स…आगरा में हनुमान मंदिर के बाद शादी वाले दो घरों में लाखों की चोरी. बदमाश दोनों मकानों से करीब 13 लाख की ज्वैलरी और कैश ले गए. पुलिस कर रही जांच
अछनेरा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुर्जा हनुमान मंदिर में चोरी के 24 घंटे बाद ही चोरों ने नगला जारिया गांव में दो घरों को निशाना बना लिया। बदमाश दोनों मकानों से करीब 13 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद समेट ले गए। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत है और पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।
नवंबर में होनी है बेटे और बेटी की शादी
नगला जारिया निवासी नारायण सिंह ने बताया कि उनके बेटे और बेटी की नवंबर में शादी होनी है। शादी की तैयारियों के लिए उन्होंने करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बनवाकर घर में रखे थे। रात में किसी समय चोर मकान में घुसे और शादी के लिए रखे सभी जेवर चोरी कर ले गए। इसी रात चोरों ने नारायण सिंह के भतीजे बबलू के मकान को भी निशाना बनाया। बबलू के घर से झुमके, पैंडल और करीब आधा किलो वजन की कमर की कंडोनी समेत करीब पांच लाख रुपये के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
बबलू ने बताया कि उनके पड़ोस के प्लाट में मकान निर्माण की तैयारी चल रही है। रात करीब ढाई बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी आने के कारण वह लोग प्लाट पर मौजूद थे। इसी दौरान चोर उनके चाचा के घर में घुस गए। कुछ देर बाद जब घर पहुंचे तो मकान के गेट के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सुबह करीब पांच बजे चोरी की जानकारी होने पर डायल 112 पर सूचना दी गई। पीआरवी के साथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी हुए सामान का विवरण दर्ज किया और पीड़ितों से थाने में तहरीर देने को कहा। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चंदेल सिंह वर्मा ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।