आगरालीक्स…आगरा में स्कूली बच्चों ने मां को समर्पित कर रोपे पौधे. सेंट एंथोनी एकेडमी में पौधे रोपकर नन्हे मुन्नों ने लिया पर्यावरण बचाने का संकल्प
पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देते हुए आगरा के सेंट एंथोनी एकेडमी में शनिवार को "एक पेड़ मां के नाम 3.0" के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी मां के नाम एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में प्रार्थना और पौधरोपण के महत्व पर विचारों के साथ हुई। बच्चों ने गमलों और विद्यालय परिसर में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए। हर बच्चे ने लगाए गए पौधे को अपनी मां को समर्पित किया और उसकी देखभाल करने का वादा किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्या क्रिस्टीना पीटर ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान सिर्फ वृक्षारोपण नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। जिस तरह एक मां अपने बच्चे को पालती-पोसती है, उसी तरह हमें भी धरती मां और पेड़ों की रक्षा करनी चाहिए। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। बच्चों में इस अभियान को लेकर काफी उत्साह देखा गया। उन्होंने नारे, पोस्टर और गीतों के माध्यम से "धरती बचाओ, पेड़ लगाओ" का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे अभियानों से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।