आगरालीक्स..Agra News: आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह में मेडल हुए कम, मेधावी छात्रों को 78 मेडल मिलेंगे। एनसीटीई के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा होंगे मुख्य अतिथि।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के शैक्षिक सत्र 2025-26 का दीक्षांत समारोह आगामी 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को प्रातः 10 बजे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल जी ने इस समारोह में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने को सहर्ष स्वीकृति प्रदान कर दी है। प्रो. पंकज अरोड़ा देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों में गिने जाते हैं। वर्तमान में वे राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के चेयरमैन के रूप में देश में शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता, नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचार आधारित शिक्षण, डिजिटल शिक्षा तथा भविष्य उन्मुख शिक्षक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनका व्यापक अनुभव एवं दूरदर्शी नेतृत्व विद्यार्थियों, शोधार्थियों और नवोदित शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत माना जाता है। दीक्षांत समारोह में उनका मार्गदर्शन विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा, नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। कुलपति प्रो. आशु रानी जी ने कहा कि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. पंकज अरोड़ा की उपस्थिति विद्यार्थियों को शिक्षा, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन समारोह की सभी तैयारियां शासन एवं कुलाधिपति सचिवालय के निर्देशों के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर रहा है।
78 मेडल मिलेंगे, पिछले वर्ष दिए गए थे 117 मेडल
डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि से मेडिकल कॉलेजों की संबदृधता समाप्त हो गई है, अब मेडिकल कॉलेज अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड हैं। इसके चलते मेडिकल छात्रों को मिलने वाले मेडल इस बार दीक्षा समारोह में नहीं दिए जाएंगे। 117 की जगह 78 मेडल की मेधावी छात्रों को मिलेंगे इसके लिए सूची तैयार की जा रही है।