आगरालीक्स…Agra News: आगरा में कैफे और मिनी सिनेमा सेंटरों में 500 रुपये घंटे के हिसाब से डार्क केबिन, बेडनुमा सोफे, सैंडबिच और कोल्ड ड्रिंक फ्री। टेंपो ट्रेवलर से पहुंची पुलिस की छापेमारी में युवक युवतियों सहित 25 पकड़े।
आगरा के सदर क्षेत्र के नंद प्लाजा में कैफे और मिनी सिनेमाघर संचालित हैं। एलआईयू की सूचना पर एडीसीपी ट्रेफिक अलका सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स बुधवार दोपहर में नंद प्लाजा पहुंचा। इसमें महिला पुलिस कर्मी भी शामिल थी। पुलिस ने नंद प्लाजा के कैफे और मिनी सिनेमाघरों में छापे मारी की। पुलिस ने द रैंप कैफे, केव मिनी फिल्म्स, द रैपिडो कैफे, बरिस्ता कैफे, द रैंप मूवीज पर कार्रवाई की।
500 रुपये में कैबिन, हर सुविधा उपलब्ध
पुलिस की जांच में सामने आया कि कैफे में युवक युवतियों को एक घंटे के लिए 500 रुपये में कैबिन दी जाती थी, कैबिन को अंदर से बंद किया जा सकता है। इसमें एसी और बेडनुमा सोफा था, सैंडबिच और 20 रुपये की कोल्ड ड्रिंक साथ में दी जाती थी, अन्य कोई सामान मंगाने के लिए अलग से आर्डर देना पड़ता था इसके लिए घंटी लगी हुई थी, एक घंटा पूरा होने के बाद 300 रुपये अतिरिक्त चार्ज देना पड़ता था कोई आईडी कार्ड नहीं लिया जाता था।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास
परिजनों को बुलाकर युवतियों को किया सुपूर्द
कैफे में 11 जोड़े पकड़े गए, पुलिस सभी को अपने साथ टेंपो ट्रेवलर से थाने ले आई। युवतियों का रो रोकर बुरा हाल था वे परिजनों को जानकारी ना देने की बात कहती रहीं। कई युवतियां घर से कॉलेज और शॉपिंग करने की बात कहकर आईं थी। पुलिस ने युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही युवकों को भी हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द करने के लिए कहा गया है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि मिनी सिनेमा सेंटरों के संचालकों से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे गए हैं, कैफे और मिनी सिनेमाघरों को सील कर दिया है, लाइसेंस के मानक और शर्तों में उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।