आगरालीक्स …आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में प्लास्टर गिरने के बाद सपा के बाद कांग्रेसियों का हंगामा, जिन बिल्डिंगों में मरीज भर्ती उन बिल्डिंगों के सुरक्षा आडिट के आदेश।
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शुक्रवार दोपहर में 10 साल के उमेर पर प्लास्टर गिर गया था। निमोनिया और गंभीर संक्रमण के कारण एसएन में भर्ती कराए गए उमरे की शनिवार सुबह मौत हो गई थी, एसएन प्रशासन ने मौत का कारण निमोनिया और लंबे समय से चल रही बीमारी बताई थी। इसके बाद सपा पदाधिकारियों ने एसएन में जमकर प्रदर्शन किया। निर्माण कार्यों में धांधली के आरोप लगाए। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। जमकर प्रदर्शन किया, प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता से तीखी नोंकझोक हुई, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
पुरानी बिल्डिंगों का कराया जा रहा आडिट
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता का कहना है कि एसएन की इमरजेंसी के साथ ही मेडिसिन, बाल रोग, नेत्र रोग विभाग सहित पुरानी बिल्डिंगों का सुरक्षा आडिट कराया जा रहा है। इसके लिए एसएन के डॉक्टरों की देखरेख में पीडब्ल्यूडी की टीम लगाई गई है। टीम जांच करेगी, टीम की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।