आगरालीक्स ….सतर्क रहें, मेटिंग के चलते आगरा में कुत्ते खूंखार हो गए हैं। एडीए हाइट्स के पार्क में खेल रहे कारोबारी के बच्चे को कुत्तों ने बुरी तरह से काटा, जानें कहां लगते हैं एआरवी और इलाज क्या है।
आगरा के ताजनगरी फेस टू के एडीए हाइट्स पार्क में सोमवार को कारोबारी का चार साल का बेटा खेल रहा था। इसी दौरान तीन चार कुत्ते आ गए, उन्होंने बच्चे पर हमला कर दिया, उसे चारों तरफ से घेर लिया और काटने लगे। बच्चे की दादी ने कुत्तों को देख लिया उन्होंने किसी तरह से बच्चे को कुत्तों से बचाया।
पीठ पर कई जगह कुत्तों ने काटा
बच्चे की पीठ पर कुत्तों के काटने के निशान हैं, हाथ और पैर में भी कुत्तों ने काट लिया। कुत्तों के हमले में बच्चा नीचे गिर गया, इससे उसका चेहरा नीचे की तरफ हो गया और कुत्ते गर्दन और चेहरे के आस पास नहीं काट सके। बच्चे का इलाज एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में किया गया इसके बाद उसे घर भेज दिया। सोसायटी के लोगों का कहना है कि बाहर के कुत्ते सोसायटी में आने लगे हैं, इनके लिए नगर निगम में भी शिकायत की जा चुकी है।
मेटिंग टाइम में कुत्तों से दूर रहें, सरकारी अस्पताल में उपलब्ध है एआरवी
विशेषज्ञों के अनुसार, यह समय कुत्तों के मेटिंग यानी प्रजनन का समय है, ऐसे में कुत्ते झुंड में बैठे रहते हैं। आपस में भी भिड़ जाते हैं। इनसे दूर रहना चाहिए इस मौसम में कुत्ते ज्यादा हमला करते हैं।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव के अनुसार, जिला अस्पताल, एसएन मेडिकल कॉलेज के साथ ही सीएचसी पर भी कुत्ता काटने पर लगाए जाने वाली एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध है।