आगरालीक्स …Agra News Live: आगरा में स्वाइन फ्लू के लिए अलर्ट, एसएन में बनाए गए चार आइसोलेशन वार्ड। 24 घंटे जांच की सुविधा, जानें लक्षण और कैसे करें बचाव।
स्वाइन फ्लू के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। संदिग्ध मरीजों की जांच और इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी, मेडिसिन विभाग, बाल रोग विभाग और टीबी एंड चेस्ट डिपार्टमेंट में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। इसमें हर समय डॉक्टर तैनात रहेंगे। एसएन के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के अनुसार, स्वाइन फ्लू की जांच के लिए 24 घंटे माइक्रोबायोलाजी लैब खुली रहेगी। दवाएं और सीरप का भी इंतजाम कर लिया गया है।
सभी मरीजों को जांच की जरूरत नहीं
नोडल अधिकारी डॉ. एसएम प्रजापति का कहना है कि हर मरीज को जांच की जरूरत नहीं है। जिन संदिग्ध मरीजों को तेज बुखार के साथ ही सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द और सांस उखड़ रही है उनकी जांच कराई जाएगी। इलाज के लिए डॉक्टरों को भी प्रशिक्षण दिया गया है।
मरीज के संपर्क में आने से फैलता है स्वाइन फ्लू
स्वाइन फ्लू का संक्रमण इस बीमारी से पीड़ित मरीज के खांसने, छींकने और बोलते समय मुंह से निकलने वाली लार के सूक्ष्म कणों के स्वस्थ्य व्यक्ति के नाक और मुंह के माध्यम से शरीर में पहुंचने पर फैलता है। इसलिए मास्क लगाकर रखने की सलाह दी जा रही है। साथ ही बुजुर्ग, बच्चे और गर्भवती को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
कंट्रोल रूम नंबर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक
9458569043
0562260412