आगरालीक्स…बड़ा हादसा, आगरा मेट्रो निर्माण में लगी क्रेन मशीन गिरी.शराब का ठेका हुआ क्षतिग्रस्त तो घर भी आया चपेट में. बाल—बाल बचे लोग
आगरा में मेट्रो निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया है. प्रतापपुरा पर अचानक क्रेन मशीन असंतुलित होकर गिर गई. यह मशीन एक शराब ठेका पर गिरी जो कि क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं एक घर भी इसकी चपेट में आया है. गनीमत रही कि परिवार के लोग बच गए. मशीन गिरने के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई.रात को हुआ हादसा
हादसा रात को प्रतापपुरा पर देवीराम हलवाई के पास हुआ है. एमजी रोड पर करीब मेट्रो निर्माण में लगी करीब 25 फीट ऊंची क्रेन खोदाई का कार्यकर रही थी. तभी अचानक मशीन का पहिया जमीन में घंस गया जिससे मशीन अनियंत्रित हो गई. यह मशीन एक शराब के ठेके पर गिरी जिसके पीछे घर भी है. मशीन शराब के ठेके पर गिरी जिससे दुकान क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं घरवाले बाल—बाल चपेट में आने से बच गए. जिस समय हादसा हुआ, परिवार के लोग सो रहे थे. पुलिस और मेट्रो अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
आगरा मेट्रो टीम ने की जांच, क्षतिपूर्ति मिलेगी
यूपीएमआरसी के संयुक्त उपमहाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने कहा कि इस मामले में घटना की सूचना के तुरंत बाद मेट्रो टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की. जिसमें ये पाया गया कि पाइलिंग के दौरान जब रिग मशीन जब थोड़ा पीछे हुई तो अचानक सड़क के नीचे एक बड़े कुएँ नुमा गड्ढे के संपर्क में आकर मशीन एक ओर झुक गई. सावधानी बरतते हुए क्रेन चालक ने मशीन ऐसे मनूवर की जिससे कोई जान माल की हानि ना हो, और जो बिल्डिंग उस समय खाली दिखी वहां मशीन टिकाने की कोशिश की गई, ताकि घनी आबादी एवं भीड़भाड़ वाली दुकानों/ घरों से दूर किया जा सके. इसके साथ ही स्थानीय लोगों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार इस जगह पूर्व में कुछ ऐसी संरचनाएं रही है जिससे सड़क धंसने जैसा मामला हुआ है. इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। इसके साथ ही क्षति की पूर्ति मेट्रो द्वारा करा दी जाएगी. आगरा मेट्रो पुरे सुरक्षा मानकों के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है.