आगरालीक्स …Agra News” आगरा की सर्द रात में थाने में पुलिस कर्मियों पर 5 महीने पुराने हत्याकांड के खुलासे के लिए युवक को उल्टा लटकाकर पीटते पीटते दोनों पैर तोड़ने के आरोप, तीन निलंबित, जानें पूरा मामला। ( Agra News: Man beaten in Police station to open murder case, SO & Two other suspend, Full story, ACP Transfer)
आगरा के किरावली थाने के गांव करहरा में 58 साल के रिटायर फौजी वनवीर सिंह का पांच अगस्त को घर में शव मिला था, परिजनों ने गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस पांच महीने बाद भी हत्याकांड का खुलासा नहीं कर पाई है। रिटायर फौजी के परिजन हत्याकांड के खुलासे की मांग कर रहे थे। पुलिस इस मामले में तमाम लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
पड़ोसी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, उल्टा लटकाकर पीटने के आरोप
पुलिस ने रविवार को रिटायर फौजी के पड़ोसी राजवीर को किरावली थाने में बुलाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोप है कि रात आठ बजे पुलिस कर्मी एक कमरे में ले गए। शॉल से दोनों पैर बांधकर उल्टा लटका दिया। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने डंडों से पीटना शुरू कर दिया। लकड़ी के चार और प्लास्टिक का एक डंडा पीटते पीटते टूट गया, आवाज ना आए इसके लिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। करीब 30 मिनट तक पीटने से राजवीर बेहोश हो गया। पुलिस कर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे, राजवीर के दोनों पैर में फ्रैक्चर होने पर अस्पताल में भर्ती करा लिया।

एसओ सहित तीन निलंबित, एसीपी हटाए
सोमवार को इस मामले के बारे में उच्च अधिकारियों को पता चला। डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा सोमवार रात में किरावली पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद एसओ किरावली नीरज कुमार, दारोगा धर्मवीर और सिपाही रवि मलिक को निलंबित कर दिया है। यूपी 112 के प्रभारी सत्यवीर को थाना किरावली का प्रभारी बनाया है। साथ ही एसीपी राम प्रवेश गुप्ता को हटा दिया गया है, उनकी जगह शैलेंद्र कुमार को एसीपी अछनेरा बनाया गया है। एसीपी राम प्रवेश गुप्ता को एसीपी ट्रैफिक बनाया गया है।