आगरालीक्स…500 मीटर में 5 मंदिर, यह इलाका शराब के लिए नहीं…आगरा में रिहायशी क्षेत्र में खुल रहे शराब ठेके के विरोध में धरने पर बैठी महिलाएं. उच्च शिक्षा मंत्री ने सुनी समस्या और दिया भरोसा
आगरा के जयपुर हाउस स्थित आलोक नगर में खुल रहे शराब ठेके को लेकर महिलाओं में आक्रोश है. रविवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में महिलाओं ने ठेके के बाहर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की. महिलाओं का आरोप है कि यह रिहायशी क्षेत्र है. कई मंदिर हैं. इस शराब ठेके के कारण इलाके का माहौल खराब रहता है. उन्होंने त्तकाल ठेका हटाने की मांग की और चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा.
धरना दे रही महिलाओं से मिले उच्च शिक्षा मंत्री
जयपुर हाउस स्थित आलोक नगर में गैर-कानूनी रूप से खुल रहे शराब ठेके के खिलाफ स्थानीय महिलाओं के धरने पर उच्च शिक्षा मंत्री एवं विधायक योगेंद्र उपाध्याय पहुंचे. उन्होंने तत्काल महिलाओं को पास के एक आवास पर बुलाकर उनकी समस्या सुनी और त्वरित समाधान का भरोसा दिया. कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जिला आबकारी अधिकारी से फोन पर बातचीत में कहा कि प्रस्तावित ठेके के 500 मीटर के दायरे में पांच मंदिर हैं और कई पार्क हैं, जहां श्रद्धालुओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चे प्रतिदिन आते-जाते हैं. उन्होंने कहा, "आवासीय रिहायशी इलाके में इस तरह की गतिविधि किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। इससे क्षेत्र की शांति और सामाजिक माहौल बिगड़ेगा."
धरना दे रही महिलाओं को आश्वस्त करते हुए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में किसी भी प्रकार का अनैतिक, गैर-कानूनी या समाज विरोधी कार्य स्वीकार नहीं होगा. उन्होंने कहा, "आप सभी मातृशक्ति निश्चिंत रहें। प्रदेश में कानून का राज है और कानून अपना काम पूरी सख्ती से करेगा. मंत्री ने मौके से ही जिलाधिकारी आगरा और जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि जनभावनाओं, महिलाओं के सम्मान और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस ठेके को किसी भी सूरत में न खुलने दिया जाए. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल विधिक कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को मानसिक और सामाजिक परेशानी से राहत दिलाने के आदेश दिए.
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
मंत्री की तत्परता पर क्षेत्रीय महिलाओं ने राहत की सांस ली. महिलाओं ने कहा कि रिहायशी इलाके में ठेका खुलने से बेटियों और महिलाओं का निकलना दूभर हो जाता. मंत्री ने खुद आकर हमारी बात सुनी, इसके लिए पूरा क्षेत्र आभारी है. इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं.