आगरालीक्स ….आगरा में डॉक्टर के बिना चल रहे हॉस्पिटल और पैथोलॉजी लैब में छापे, दो पैथोलॉजी लैब और एक हॉस्पिटल का ओटी सील, जानें कैसे चल रहा पूरा खेल।
ओम शांति पैथोलॉजी लैब सील
सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि ओम शांति पैथोलाजी लैब, ट्रांस यमुना कालोनी पर टीम ने छापा मारा। लैब का पंजीकरण डा. मनीष कुमार वार्ष्णेय के नाम है। लैब में रिपोर्ट तैयार की जा रही थी, कोई डाक्टर नहीं था। डाक्टर लैब में आते हैं इसकी सीसीटीवी फुटेज भी संचालक नहीं दिखा सका। संचालक ने खुद को लैब टेक्नीशियन बताया, लैब के कमरे को सील कर दिया है।
न्यू एक्सीलेंट पैथोलॉजी लैब की डॉक्टर गोरखपुर में, लैब सील
ट्रांस यमुना कालोनी फेज वन में बिल्डिंग के द्वितीय तल पर न्यू एक्सीलेंट पैथोलाजी लैब संचालित हो रही थी। लैब में संचालक मनीष जादौन मिला, उसने बताया कि लैब का पंजीकरण डा. शबीना असरफ के नाम पर है, जब डाक्टर की फोन पर संचालन ने बताई गई तो डा. शबीना ने कहा कि वह गोरखपुर की रहने वाली हैं। लैब सील कर दी।
प्रतिष्ठा मेडीकेयर में नहीं मिला डाक्टर
टीम ने प्रतिष्ठा मेडीकेयर सेंटर ट्रांस यमुना में छापा मारा। हास्पिटल में प्रसूता भाग्यश्री मिली, उनकी सिजेरियन डिलीवरी आपरेशन से प्रसव हुई थी। हास्पिटल में कोई डाक्टर नहीं मिला, स्टाफ भी प्रशिक्षित नहीं था। संचालक राम मोहन ने पूछताछ में बताया कि हास्पिटल का पंजीकण डा. विक्की चौधरी के नाम से है लेकिन कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। हास्पिटल के आपरेशन थिएटर ओटी को सील कर दिया है, मरीज को दूसरे हास्पिटल में शिफ्ट करा दिया।