आगरालीक्स…आगरा के फुव्वारा दवा मार्केट में छापा. नकली दवाओं की हुई सप्लाई. इन दो मेडिकल स्टोर के संचालकों के बयान किए गए दर्ज..बिल भी नकली
आगरा में गुरुवार को औषधि विभाग की टीम ने फुव्वारा के दवा मार्केट में छापा मारा. यहां से नकली दवाओं की सप्लाई फर्रूखाबाद और कन्नौज में की गई थी. दोनों जिलों के औषधि निरीक्षक ने आगरा के मित्तल मेडिकल स्टोर और कान्हा फार्मा पर छापा मारा. टीम ने दोनों ही फर्म के संचालकों के बयान दर्ज किए हैं. जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी.

ये है मामला
फर्रूखाबाद में मेडिकल स्टोर से पिछले साल प्लोवसिन ड्राई सीरप सिफिक्जिम एंटीबायोटिक के सैंपल औषधि निरीक्षक ने लिए थे. जांच में ये सीरप नकली निकला. यही नहीं जांच के दौरान ये भी पता चला कि सीरप की सप्लाई आगरा के फुव्वारा दवा मार्केट स्थित मित्तल मेडिकल स्टोर, इंद्रा मार्केट से हुई थी. वहीं कन्नौज के मेडिकल स्टोर से सिफिक्जिम 100 एमजी डीटी टैबलेट के सैंपल लिए गए तो यह टैबलेट मानक के अनुरूप नहीं किनली. जांच में पता चला कि यह दवाएं आगरा के फुव्वारा के कोतवाली स्थित कान्हा फार्मा से हुई थी. टीम ने छापे के दौरान दोनों ही फर्म के संचालक मनोज मित्तल और अंकुश बंसल से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए. मनोज मित्तल ने बताया कि उन्होंने यह सीरप शंकर मेडिकल स्टोर मैनपुरी से खरीदे थे जबकि शंकर मेडिकल स्टोर ने सीरप की सप्लाई न करने और फर्जी बिल होने की जानकारी दी. वहीं टीम ने अंकुश बंसल को सात दिन में जवाब देने के लिए कहा है.