आगरालीक्स…ताजमहल के दोनों गेट पर अब विदेशियों को भी मिलेगा आफलाइन टिकट. एएसआई ने खोली विंडो…
ताजमहल पर अब विदेशी पर्यटक भी आफलाइन टिकट ले सकेंगे. अब उन्हें भी क्यूआर कोड स्कैन करने की जरूरत नहीं है, विदेशी पर्यटक विंडो पर जाकर डायरेक्ट टिकट ले सकेंगे. पुरातत्व विभाग ने दोनों ही गेटों की टिकट विंडो विदेशी पर्यटकों के लिए चालू कर दी हैं. बता दें कि हाल ही में ताजमहल पर नेपाल से आए पर्यटकों के साथ टिकट के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया था जिसके बाद पुरातत्व अधीक्षक आरके पटेल ने बताया कि अब विदेशी पर्यटक भी विंडो से जाकर टिकट ले सकेंगे.

सुविधा शुरू होने से ठगी पर लगेगी लगाम
बता दें कि कोविड 19 के कारण पर्यटकों के लिए ताजमहल के टिकट विंडो बंद कर दिए गए थे जिसके कारण पर्यटक आनलाइन ही टिकट बुक करते थे. विंडो के पास लगी क्यू आर कोड की स्टैंडी से वह टिकट बुक करते थे लेकिन हाल ही में नेपाल से आए पर्यटकों के साथ आनलाइन टिकट खरीदने के दौरान ठगी का मामला सामने आया जिसके बाद शनिवार से पूर्वी और पश्चिमी गेट पर विदेशी पर्यटकों के लिए टिकट काउंटर शुरू कर दिया गया है.