आगरालीक्स…आगरा में अब टूरिस्ट्स को किराये पर मिलेंगी बाइक और एक्टिवा. प्रदेश का पहला रेंटल बाइक लाइसेंस आगरा में जारी. जानिए एक दिन का किराया और नियम व शर्तें
आगरा में अब पर्यटक किराये पर बाइक और स्कूटर भी ले सकेंगे और इनके जरिए वे मथुरा और भरतपुर तक घूम भी सकेंगे. उत्तर प्रदेश का पहला रेंटल बाइक लाइसेंस आगरा में जारी किया गया है. यहां आने वाले पर्यटक किराये पर बाइक, एक्टिवा या बुलेट लेकर अपने हिसाब से घूम सकेंगे. इनसे घंटे और दिन के हिसाब से किराया लिया जाएगा. आगरा में पहला रेंटल बाइक लाइसेंस आगरा कैंट के रहने वाले राहुल को मिला है. उन्हें इसके लिए 8 साल तक का इंतजार करना पड़ा है. अभी केवल 7 दो पहिया वाहन के लिए ही उन्हें अनुमति मिली है.

ये होगा किराया और नियम व शर्तें
किराये पर बाइक लेने के लिए घंटे और दिन के हिसाब से प्रक्रिया रखी गई है. राहुल के अनुसार बाइक के 500 रुपये, एक्टिवा के 550 रुपये और बुलेट का किराया 1200 रुपये प्रतिदिन रखा गया है. बाइक लेने से पहले कस्टमर्स को आधार कार्ड की फोटोस्टेट जमा करानी होगी और 1000 रुपये की सिक्योरिटी मनी भी देनी होगी. बाइक वापस करते समय यह सिक्योरिटी मनी वापस कर दी जाएगी. किराये पर टू व्हीलर्स लेने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस जरूर होना चाहिए. कस्टमर्स को दो हेलमेट भी दिए जाएंगे जिन्हें लगाना अनिवार्य होगा. बाइक में जीपीआरएस भी होगी जिससे निगरानी रखी जा सकेगी.