आगरालीक्स…ताजमहल में अब पर्यटकों को मिलेगा ठंडा पानी और ओआरएस. एएसआई ने तैनात की ‘मे आई हेल्प यू’ वाली हेल्प टीम.
आगरा में गर्मी बढ़ने के साथ ही ताजमहल पर पर्यटकों के बेहोश होने और अचानक तबियत खराब होने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं. ऐसे में एएसआई ने यहां हेल्प टीम तैनात की है. इस टीम के सदस्य मे आई हेल्प यू लिखी जैकेट पहने होंगे, जो कि पर्यटकों को ठंडा पानी और ओआरएस उपलब्ध कराएंगे. जरूरत पड़ने पर प्राथमिक चिकित्सा के लिए डिस्पेंसरी तक लेकर भी जाएंगे.
इस संबंध में अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल का कहना है कि टीम के सदस्य जगह जगह तैनात किए गए हैं. किसी पर्यटक की तबियत खराब होती है तो टीम मदद के लिए तत्काल पहुंचेगी. सदस्यों के पास कूल बैग होगा जिसमें ठंडे पानी की बोतलें और ओआरएस दिए गए हैं. एएसआई कर्मचारियों की टीम सीआईएसएफ जवानों के संपर्क में रहेगी. किसी भी सूचना पर ताज के अंदर पर्यटकों को तुरंत मदद देगी.