आगरालीक्स…ताजमहल पर आफलाइन टिकट विंडो का सर्वर एक घंटे तक रहा डाउन. गर्मी में पर्यटक हो गए परेशान
ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की संख्या पिछले कुछ दिनों से बढ़ी है लेकिन पर्यटकों को यहां पर कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार को आफलाइन टिकट विंडो का सर्वर करीब एक घंटे तक डाउन रहा जिसके कारण टिकट लेने के लिए लाइन में लगे पर्यटकों को गर्मी में पसीने छूट गए. वे लाइन में खड़े खड़े पसीने से लथपथ हो गए और सर्वर चालू होने का इंतजार करते रहे. करीब एक घंटे बाद सर्वर चालू होने के बाद पर्यटकों को टिकट मिली जिसके बाद उन्हें ताजमहल में एंट्री मिल सकी.

गुरुवार को रहा था सर्वर ठप
बता दें कि बीते गुरुवार को भी पूरा दिन ताजमहल की आफलाइन टिकट विंडो का सर्वर ठप रहा था. शुक्रवार को 18 घंटे की मेहनत के बाद टेक्निकल टीम ने सर्वर को ठीक किया था लेकिन सोमवार को साढ़े 11 बजे सर्वर डाउन हो गया. सर्वर डाउन होने से टिकट विंडो को बंद रखना पड़ गया जिसके कारण गर्मी में पर्यटकों को काफी परेशानी हुई.