आगरालीक्स…आगरा के डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम, प्रयोगशालाओं एवं संस्थान की कार्यप्रणाली से कराया गया परिचय. गृह विज्ञान संस्थान में हुआ ओरिएंटेशन कार्यक्रम
डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के गृह विज्ञान संस्थान में मंगलवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 के नवप्रवेशित छात्र एवं छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रमों की संरचना, एवं शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ गृह विज्ञान संस्थान की डीन प्रो अर्चना सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें आगामी शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बताया कि गृह विज्ञान संस्थान न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु व्यावहारिक और शोधपरक शिक्षा को भी प्राथमिकता देता है।
इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में बी.एससी. होम साइंस, बी.एससी. न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स, एम.एससी. ह्यूमन डेवलपमेंट, एम.एससी. फूड एंड न्यूट्रिशन, एम.एससी. एक्सटेंशन एजुकेशन सहित विभिन्न विषयों के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्हें उनके पाठ्यक्रमों की रूपरेखा, मूल्यांकन प्रणाली, करियर संभावनाओं एवं प्रयोगात्मक शिक्षण पद्धति की विस्तृत जानकारी दी गई।छात्रों को संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं — जैसे न्यूट्रिशन लैब, क्लीनिकल डायटेटिक्स लैब, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, टेक्सटाइल लैब, एवं ह्यूमन डेवलपमेंट सेंटर का भी भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की आधुनिक सुविधाओं एवं शैक्षणिक ढांचे को नजदीक से देखा और जाना।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्थान की प्रमुख शिक्षकों की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर डॉ. कविता सिंह, डॉ.रश्मि शर्मा, डॉ प्रीति यादव, डॉ. नेहा सक्सेना, डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. अनुपम गुप्ता एवं डॉ. प्रिया यादव की सक्रिय उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके विषयों से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया और संस्थान में उपलब्ध विविध अकादमिक संसाधनों की जानकारी दी।
यह ओरियंटेशनटेशन प्रोग्राम तीन दिवसीय रखा गया है जिसमें प्रथम दिन ह्यूमन डेवलपमेंट एवं फैमिली स्टडीज विभाग के द्वारा एक क्विज का आयोजन किया गया जिसमें नवीन वर्षीय छात्र-छात्राओं ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग लिया। जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ जिसमें समस्त शिक्षकों एवं सहभागियों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया गया। यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए एक सकारात्मक शुरुआत और प्रेरणादायक अनुभव बनकर सामने आया।