आगरालीक्स…आगरा में उमसभरी गर्मी ने किया बेहाल. पंखे और कूलर में भी निकल रहा पसीना. बारिश का इंतजार….तापमान भी बढ़ा
आगरा में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. थोड़ी सी बारिश के बाद उसम ने लोगों का बुरा हाल कर रखा है. इसके अलावा तेज धूप में भी लोग पसीना—पसीना हो रहे हैं. पंखे और कूलर ने तो काम करना ही बंद कर दिया है. इनका चलना या न चलना कोई फर्क नहीं ला रहा है. उमसभरी गर्मी के कारण लोग परेशान हैं. जरा सा बाहर निकलने पर शरीर पसीने से गीला हो जा रहा है. सोमवार सुबह बारिश के बाद से धूप निकल आई और मंगलवार सुबह से भी धूप निकली, जिसके कारण उमस बढ़ गई है. दिन के साथ शाम होने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है. हवाएं चल नहीं रही हैं.

सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई है. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा और ये भी सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया.
मौसम विभाग लगातार काले बादल छाने और बारिश होने के आसार तो जता रहा है लेकिन पूर्वानुमान अभी तक सटीक नहीं बैठ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में बादल छाएंगे, बारिश भी होगी लेकिन दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की जाएगी.