आगरालीक्स ….आगरा में आधी रात को घर से निकली युवती के पीछे बदमाश लग गए, उससे छेड़खानी करने लगे, युवती ने 112 नंबर डायल किया, इसके बाद जो हुआ, उसे जान कर पुलिस कर्मियों को सैल्यूट करोगे।
आगरा के कालिंदी विहार निवासी युवती का बुधवार रात को घर पर विवाद हो गया। गुस्से में वह घर से निकल आई और पैदल पैदल खंदौली की तरफ जा रही थी, रात होने के कारण लोग नहीं थे। पुरा गोवर्धन के पास युवती को अकेला देखा बदमाश उसके पीछे लग गए, युवती को आस पास कोई दिखाई नहीं दिया तो उसने अपना मोबाइल निकाला और 112 नंबर डायल कर दिया। युवती के पीछे लगे चार बदमाश छेड़खानी और अश्लीलता करने लगे।

10 मिनट में पहुंची पीआरवी
112 नंबर पर सूचना आने पर थाना एत्माउददौला पीआरवी पर तैनात सिपाही दिनेश चंद्र शर्मा और ब्रजेंद्र प्रताप सिंह ने युवती से फोन पर संपर्क किया, उसकी लोकेशन ली और चल दिए। वे युवती से फोन पर संपर्क में रहे, युवती का हौसला बढ़ाते रहे और साइरन बजाते हुए 10 मिनट में पुरा गोवर्धन पहुंच गए। पुलिस की गाड़ी का साइरन सुनते ही बदमाश भाग खड़े हुए।
परिजनों को बुलाकर घर तक छोड़ी युवती
पीआरवी के सिपाहियों ने युवती से उसके परिजनों का नंबर लिया, उन्हें सूचना दी, इसके बाद परिजनों को मौके पर बुलाया। वे परिजनों के साथ युवती को घर तक छोड़ने गए।