आगरालीक्स…आगरा में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर लगा फ्री स्वास्थ्य जांच शिविर. 250 मरीजों को मिला उपचार
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ आगरा द्वारा आगरा कैंट प्री-पेड ऑटो टैक्सी ड्राइवर यूनियन और अटल चौक सेवा समिति के सहयोग से एक वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन रेलवे इंस्टिट्यूट, आगरा कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सनत जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
रोटरी क्लब ऑफ आगरा की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने बताया कि क्लब सामुदायिक स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण जैसे सामाजिक सरोकारों को लेकर प्रतिबद्ध है और अपने कार्यकाल में इन क्षेत्रों में अधिकतम सेवा देने का प्रयास कर रहा है। यह स्वास्थ्य शिविर इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल है। शिविर में सामान्य रोग, स्त्री रोग तथा नेत्र रोग से संबंधित मरीजों की विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच की गई। वार्ड 36 मुस्तफा क्वार्टर के पार्षद राकेश कन्नौजिया ने रोटरी क्लब के पदाधिकारियों और चिकित्सकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं, अटल चौक सेवा समिति के अध्यक्ष डी. पी. राठौर ने बताया कि शिविर में रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच निःशुल्क की गई।

प्री-पेड ऑटो टैक्सी ड्राइवर यूनियन के महामंत्री अनिल शर्मा ने बताया कि नेत्र रोगियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसके अंतर्गत लगभग 200 मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग नेत्र संबंधी समस्याओं को बढ़ा रहा है, विशेषतः आंखों की कमजोरी एक आम समस्या बन गई है। जनरल फिजिशियन डॉ. शिव कुमार शर्मा के अनुसार, अधिकतर मरीज बिगड़ती जीवनशैली के कारण उत्पन्न बीमारियों से पीड़ित पाए गए। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गीता अग्रवाल ने महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही पर चिंता जताते हुए कहा कि वे अक्सर परिवार की देखभाल में खुद को नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे समस्याएं गंभीर रूप ले लेती हैं।
शिविर में आए मरीजों को निःशुल्क जेनेरिक दवाएं जैसे मल्टीविटामिन, कैल्शियम, आयरन, आई ड्रॉप्स आदि वितरित की गईं। इस शिविर में लगभग 250 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। एल.टी.ए. के महामंत्री फिरोज उस्मानी ने सभी सहयोगी संस्थाओं, डॉक्टरों और स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब ऑफ आगरा के रोटेरियन शैलेन्द्र नाथ शर्मा, रोटेरियन राजीव लोचन भारद्वाज, रोटेरियन जीतेन्द्र जैन, रोटेरियन मनोज आर. कुमार, रेलवे संस्थान से सचिव प्रवीण कुमार, क्लर्क राजीव कुमार, अटल चौक सेवा समिति के प्रचार मंत्री राज कुमार आदि ने विशेष योगदान दिया।