आगरालीक्स…आगरा में स्कूली छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के बारे में किया जागरूक, इसके लक्षणों की दी जानकारी…रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा रॉयल कराएगा 60 बालिकाओं का निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण
रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा रॉयल द्वारा युवा स्कूली छात्राओं के मध्य कैंसर जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। क्लब की अध्यक्ष संगीता अग्रवाल ने बताया कि क्लब द्वारा विभिन्न विद्यालयों में जाकर युवा स्कूली छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को कैंसर के लक्षण और सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन लगवाने को प्रेरित करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज चंद्रावती बालिका विद्यापीठ में रोटरी क्लब आगरा रॉयल द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए S.N.Medical College मैं ऑन्कोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉक्टर सुरभि मित्तल ने कैंसर के लक्षण समझाये और बताया कि जागरूकता से ही हम कैंसर के खतरे को कम कर सकते हैं। कैंसर को पनपने में 2-3 माह का समय लगता है। लक्षण दिखते ही हमें विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के बारे में जानकारी दी तथा सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन लगवाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के ख़तरे को हम 99% तक कम कर सकते हैं। रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा रॉयल द्वारा 60 बालिकाओं को नि शुल्क टीकाकरण कराने के लिए अभिभावकों से सहमति पत्र भरवाए गए। छात्राओं की व्यक्तिगत शंकाओं का समाधान भी किया गया। विद्यालय की ओर से प्रधानाध्यापक रचना शर्मा द्वारा सभी का स्वागत किया गया । कार्यक्रम में शारदा गुप्ता, अपर्णा पोद्दार, मीरा गुप्ता, संजू शर्मा, रुचि सिंह, नीतू अग्रवाल, अनीता सिंह पुंडीर एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं ।