आगरालीक्स …Agra News: आगरा में करोड़ों की नकली दवा पकड़ी, बचने के लिए कारोबारी एक करोड़ रुपये बैग में भरकर रिश्वत देने पहुंचा, अरेस्ट। ( Agra News: Rs 2.50 Crore counterfeit Medicine seize, Businessman Himanshu Agarwal trap with Rs One crore in Agra, Video#Agra)
आगरा में स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ और ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने दवा कंपनियों द्वारा नकली दवा की बिक्री करने की शिकायत पर हे मां मेडिको और बंसल मेडिकल पर छापा मारा। टीम शनिवार सुबह जांच करने के लिए हे मां मेडिको के मदिया कटरा स्थित फर्म पर पहुंची। जांच में दवाएं नकली मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई शुरू की। हे मां मेडिको का संचालक कर्मयोगी कमला नगर निवासी हिमांशु अग्रवाल ने एक करोड़ रुपये देने की पेशकश की।
चार घंटे में एक करोड़ रुपये बैग में भरकर पहुंचा हिमांशु अग्रवाल
एसटीएफ इंस्पेक्टर यतींद्र शर्मा ने हे मां मेडिको के संचालक द्वारा एक करोड़ की रिश्वत की पेशकश करने की जानकारी मुख्यालय में दी, इसके बाद मुख्यालय स्तर से कारोबारी को लोकसेवन को रिश्वत देते हुए पकड़े की प्लानिंग की गई। चार घंटे बाद शाम चार बजे बाइक से हिमांशु अग्रवाल बैग में 500 500 रुपये की नोट की गडडी बैग में भरकर फव्वारा पहुंच गया। यहां टीम पहले से तैयार थी, जैसे ही हिमांशु ने नोटों से भरा बैग दिया उसे पकड़ लिया।
मशीन से की नोटों की गिनती, जीएसटी और आयकर विभाग की टीम भी बुलाई
नोटों की संख्या अधिक होने पर मशीन से गिनती कराई गई। जीएसटी की टीम भी जांच में जुटी हुई है और आयकर विभाग की टीम को भी सूचना दे दी गई है। टीम जांच करने में जुटी है।
2.50 करोड़ की दवाएं जब्त, एक डीसीएम भरी
सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के अनुसार हे मां मेडिको से 2.50 करोड़ की दवाएं जब्त की गई हैं, इन दवाओं से एक डीसीएम भर गई। जबकि 14 दवाओं के नमूने जांच करने के लिए भेजे गए हैं।
बंसल मेडिकल सील, नकली ऐलेग्रा टैबलेट सील
टीम ने बंसल मेडिकल गोगिया मार्केट को सील कर दिया है अभी इसकी भी जांच की जानी है। चेन्नई से आगरा कैंट पहुंची करीब एक करोड़ की नकली ऐलेग्रा टैबलेट भी सील की गई है इसे सर्दी और एलर्जी में दिया जाता है यह दवा बंसल मेडिकल पर उतरनी थी उससे पहले ही टीम ने पकड़ ली, 10 लाख के बिल पर एक करोड़ की दवा सप्लाई की जा रही थी।
आधा दर्जन से अधिक नामचीन कंपनियों की नकली दवाएं
सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के अनुसार, ग्लेनमार्क, सनोफी, सनफार्मा, चाइडस सहित आधा दर्जन दवा कंपनियों की नकली दवाएं मिली हैं, इन्हें जब्त कर लिया गया है और 14 दवाओं के सैंपल लिए गए हैं। दवा कंपनी के प्रतिनिधि को भी बुला लिया गया उन्होंने दवाओं को नकली बताया है।