आगरालीक्स…. आगरा नगर निगम में मेयर और पार्षदों का कार्यकाल चार महीने बचा है, ऐसे में जनता की कमाई से नगर निगम ने 35 लाख रुपये के टैबलेट खरीद कर पार्षदों को बांट दिए, सवाल उठाए जा रहे हैं कि अब टैबलेट बांटने का क्या औचित्य है। ये टैबलेट कार्यकाल समाप्त होने के बाद वापस भी नहीं लिए जाएंगे, नगर निगम के चुनाव में चुने जाने वाले नए पार्षदों को दोबारा टैबलेट दिए जाएंगे।
नगर निगम में अधिकांश काम ऑनलाइन हो रहे है , ऐसे में नगर निगम के सदन में प्रस्ताव पारित किया गया था कि पार्षदों को टैबलेट दिए जाएंगे। नगर निगम का साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है, चार महीने बचे हैं। इसके बाद दोबारा चुनाव होंगे और मेयर सहित पार्षद चुने जाएंगे।
35 लाख से खरीदे गए 117 टैबलेट
ऐसे में शनिवार को मेयर नवीन जैन ने अपने कैंप कार्यालय पर 35 लाख से खरीदे 117 टैबलेट का पार्षदों को वितरण किया।
विधायक, सांसद और नामित पार्षदों को भी टैबलेट
नगर निगम द्वारा 117 टैबलेट खरीदे गए हैं। इसमें से 100 टैबलेट पार्षदों के लिए हैं तो 10 टैबलेट नामित पार्षदों को दिए जाएंगे। वहीं, सात टैबलेट विशेष आमंत्रित सदस्यों को दिए जाएंगे। इन आमंत्रित सदस्यों में विधायक और सांसद भी शामिल हैं।
इससे पहले भी उठे सवाल
तत्कालीन मेयर इंद्रजीतआर्य के कार्यकाल में पार्षदों को मोबाइल वितरित करने पर हुआ था विवाद
पार्षदों के टूर पैकेज पर भी हुआ था विवाद